पलामू: विश्रामपुर के तोलरा गांव में चोरों ने पुलिस इंस्पेक्टर के घर में ही सेंध लगा दी। गढ़वा शहर थाना प्रभारी सुनील तिवारी के घर से चोर लाखों रुपये के जेवर और करीब 12 हजार रुपये नकद चोरी कर फरार हो गए।
घटना शुक्रवार देर रात करीब 3 बजे की बताई जा रही है। चोर बांस की सीढ़ी के जरिए घर में दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने घर के अलग-अलग कमरों की तलाशी ली और कीमती सामान लेकर निकल गए।
घर में लोग सो रहे थे, किसी को नहीं हुई खबर
जिस वक्त चोरी हुई, उस समय सुनील तिवारी के भाई और शिक्षक सुमंत तिवारी घर में मौजूद थे। इसके बावजूद उन्हें चोरी की भनक नहीं लगी।
सुमंत तिवारी के अनुसार, चोरों ने फ्रिज में रखा दूध गर्म करके पिया और इस्तेमाल किए गए बर्तन बाहर फेंक दिए। परिवार को शक है कि चोरों ने घर में मौजूद लोगों को बेहोश करने के लिए किसी नशीले पदार्थ का इस्तेमाल किया होगा। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।
गांव में लगातार हो रही चोरी से दहशत
ग्रामीणों का दावा है कि पिछले दो वर्षों में तोलरा गांव में करीब 24 घरों में चोरी हो चुकी है। लगातार घटनाओं के कारण ग्रामीणों में डर का माहौल है और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी भी है।
ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि जब पुलिस अधिकारी का घर भी सुरक्षित नहीं है, तो आम लोगों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी?
घटना के बाद ग्रामीणों ने कुछ संदिग्ध लोगों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अब पुलिस के सामने चोरों की पहचान करने और चोरी का सामान बरामद करने की चुनौती है।
Read more : झारखंड विधानसभा अध्यक्ष ने जाना स्विट्जरलैंड का संसदीय मॉडल




