जकार्ता: इंडोनेशिया के उत्तर-पूर्वी जावा में शुक्रवार सुबह जोरदार भूकंप के झटके महसूस किए गए। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, भूकंप की तीव्रता 6.6 थी। इसका केंद्र तेलुकनागा के पास बताया गया है।
भूकंप भारतीय समय के मुताबिक सुबह करीब 4:23 बजे आया। इसकी सबसे खास बात यह रही कि भूकंप काफी गहराई में आया था। USGS के मुताबिक, इसका केंद्र जमीन से करीब 358.6 किलोमीटर नीचे था।
बड़े नुकसान की सूचना नहीं
भूकंप के तेज झटकों के बावजूद अभी तक किसी बड़ी तबाही या जनहानि की खबर नहीं है। स्थानीय अधिकारियों ने भी किसी बड़े ढांचागत नुकसान की पुष्टि नहीं की है। भूकंप के बाद सुनामी की चेतावनी भी जारी नहीं की गई।
‘रिंग ऑफ फायर’ में है इंडोनेशिया
इंडोनेशिया प्रशांत महासागर के ‘रिंग ऑफ फायर’ क्षेत्र में स्थित है। इस इलाके में टेक्टोनिक प्लेटों की गतिविधियां लगातार होती रहती हैं, जिसके कारण यहां भूकंप और ज्वालामुखी विस्फोट आम हैं।
फिलहाल स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर रख रहा है और संभावित नुकसान की जानकारी जुटाई जा रही है।




