सारण। छपरा शहर के श्यामचक ओवरब्रिज के पास आज सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। नगर निगम की कचरा उठाने वाली गाड़ी की चपेट में आने से एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान मासूमगंज निवासी जगदीश राय के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि जगदीश राय सुबह-सुबह दूध देने जा रहे थे, तभी श्यामचक फ्लाईओवर के नीचे यह हादसा हुआ।
घटना के बाद गुस्साए मोहल्ले के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन करने लगे। लोगों ने सड़क जाम कर दी। इससे छपरा-सिवान, छपरा-बलिया और छपरा-जलालपुर मार्ग पर गाड़ियों की लंबी लाइन लग गई और यातायात ठप हो गया।सूचना मिलते ही भगवान बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाने की कोशिश कर रही है।




