फॉण्ट कनवर्टर NEW

डिजिटल क्रांति: अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए दो दिवसीय AI ट्रेनिंग कार्यशाला

स्मार्ट प्रशासन की राह पर सिमडेगा, AI तकनीक से सरकारी काम होंगे आसान, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित

अपनी भाषा में पढ़ें

Simdega: सरकारी कार्यप्रणाली को अधिक सुगम, पारदर्शी और तेज बनाने के उद्देश्य से सिमडेगा जिला प्रशासन ने तकनीक के क्षेत्र में एक नई मिसाल पेश की है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा देने की पहल के तहत सिमडेगा में दो दिवसीय विशेष AI कार्यशाला का आयोजन किया गया। 10 और 11 सितंबर 2026 को आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला एवं प्रखंड स्तर के अधिकारियों और कर्मचारियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का प्रभावी उपयोग सिखाया गया। इसके साथ ही सिमडेगा, प्रशासनिक स्तर पर अपने अधिकारियों को AI की ट्रेनिंग देने वाला राज्य का पहला अग्रणी जिला बन गया है।
इस दो दिवसीय कार्यशाला को झारखंड सरकार के ग्रामीण विकास विभाग के अधीन संचालित झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) द्वारा तकनीकी सहयोग प्रदान किया गया। कार्यक्रम में प्रतिभागियों को न केवल AI की बुनियादी अवधारणाओं और टूल्स की जानकारी दी गई, बल्कि उनके दैनिक सरकारी कामकाज में इसके व्यावहारिक प्रयोग के लिए ‘हैंड्स-ऑन प्रैक्टिकल सेशंस’ (Hands-on Practical Sessions) भी आयोजित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान सिमडेगा की उपायुक्त कंचन सिंह ने कहा कि जिला विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से लगातार आगे बढ़ रहा है। ऐसे में अगर प्रशासनिक कार्यों में AI जैसी अत्याधुनिक तकनीक को जोड़ा जाए, तो इससे काम की रफ्तार और गुणवत्ता दोनों में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि AI के सही इस्तेमाल से अफसर कम समय में अधिक सटीकता के साथ अपने दायित्वों का निष्पादन कर सकेंगे, जिससे सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ सीधे और प्रभावी ढंग से आम नागरिकों तक पहुंचेगा। जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य सरकारी सेवाओं को पूरी तरह नागरिक-केंद्रित बनाना है।
कार्यशाला में प्रशिक्षण सत्रों का तकनीकी संचालन GDI Partners के विशेषज्ञ अंशुल गुप्ता एवं जान्हवी बहादुर ने किया। वहीं JSLPS की ओर से राज्य स्तरीय पदाधिकारी बिष्णु चरण परिडा, अमित जैन, हेम राज और उनकी टीम ने समन्वय और तकनीकी सहयोग में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। दो दिवसीय प्रशिक्षण के सफल समापन पर सभी प्रतिभागी अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram