रांची: राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में सहायक प्रोफेसर के 22 पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू हो गई है। रिम्स ने इसके लिए विज्ञापन जारी किया है। इन पदों में 7 नियमित और 15 बैकलॉग पद शामिल हैं।
भर्ती 12 अलग-अलग विभागों में की जाएगी। इनमें आर्थोपेडिक, न्यूरोसर्जरी, एनेस्थीसिया, यूरोलॉजी, सीटीवीएस, मेडिकल ऑन्कोलॉजी, सर्जिकल ऑन्कोलॉजी, नियोनेटोलॉजी, न्यूरोलॉजी, प्लास्टिक सर्जरी, कार्डियक एनेस्थीसिया और ट्रॉमा न्यूरोसर्जरी शामिल हैं।
सबसे ज्यादा 5 पद सीटीवीएस विभाग में हैं। इसके अलावा मेडिकल ऑन्कोलॉजी में 3, आर्थोपेडिक और न्यूरोसर्जरी में 2-2 पद समेत अन्य विभागों में भी नियुक्तियां होंगी।
दो चरणों में होगी स्क्रीनिंग
रिम्स ने चयन प्रक्रिया को पारदर्शी रखने के लिए दो चरणों वाली स्क्रीनिंग व्यवस्था बनाई है। पहले चरण में उम्मीदवारों की योग्यता और भर्ती नियमों के आधार पर आवेदनों की जांच होगी। इसके बाद योग्य उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया जाएगा।
सहायक प्रोफेसर पद के लिए संबंधित विषय में एमडी, एमएस या एनएमसी के मानकों के अनुसार समकक्ष योग्यता जरूरी है। इसके साथ मान्यता प्राप्त संस्थान में तीन साल के शिक्षण या शोध अनुभव की शर्त भी रखी गई है।
तीन वर्षीय मान्यता प्राप्त डीएम या एमसीएच डिग्री रखने वाले उम्मीदवारों को अनुभव की जरूरत नहीं होगी। शॉर्टलिस्ट उम्मीदवारों की सूची रिम्स की वेबसाइट पर जारी की जाएगी और उन्हें इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा।



