नई दिल्ली: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन शुक्रवार तड़के 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए नई दिल्ली पहुंचे। पालम एयरपोर्ट पर केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने उनका स्वागत किया।
भारत दौरे के दौरान राष्ट्रपति पुतिन की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अहम द्विपक्षीय बैठक होगी। बैठक में दोनों देशों के रक्षा, व्यापार और आर्थिक संबंधों समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।
विदेश मंत्रालय ने भारत और रूस के संबंधों को मजबूत और विशेष रणनीतिक साझेदारी वाला बताया है। मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए पुतिन के भारत पहुंचने की जानकारी दी।
व्यापार और उद्योग पर भी होगी चर्चा
पुतिन ब्रिक्स बिजनेस फोरम के पूर्ण सत्र को भी संबोधित करेंगे। इसके अलावा वह पीएम मोदी के साथ इन्नोप्रोम इंडिया अंतरराष्ट्रीय औद्योगिक व्यापार मेले का दौरा कर सकते हैं।
दोनों नेताओं की बातचीत में रणनीतिक व्यापार, सीमा पार भुगतान व्यवस्था, ऊर्जा सुरक्षा और मौजूदा वैश्विक तनाव जैसे मुद्दे प्रमुख रह सकते हैं।
ब्रिक्स का मुख्य शिखर सम्मेलन 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली में होगा। सम्मेलन में वैश्विक सप्लाई चेन, स्थानीय मुद्राओं में व्यापार, MSME, डिजिटल ट्रेड, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और न्यू डेवलपमेंट बैंक के विस्तार जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।




