फॉण्ट कनवर्टर NEW

जादूगोड़ा के जनजातीय मुद्दों पर सख्त आयोग, UCIL को 15 दिन का समय

Jamshedpur : राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा की अध्यक्षता में गुरुवार को जमशेदपुर स्थित यूरेनियम कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जनजातीय समुदाय और यूसीआईएल में कार्यरत जनजातीय कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मामलों की समीक्षा करते हुए

अपनी भाषा में पढ़ें

Jamshedpur : राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा की अध्यक्षता में गुरुवार को जमशेदपुर स्थित यूरेनियम कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जनजातीय समुदाय और यूसीआईएल में कार्यरत जनजातीय कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मामलों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। बैठक में यूसीआईएल के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक डॉ. के. आनंद राव, निदेशक बी.के. दास समेत कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

बैठक से पहले डॉ. आशा लकड़ा के नेतृत्व में आयोग के आठ सदस्यीय दल ने पूर्वी सिंहभूम के यूरेनियम प्रभावित जादूगोड़ा क्षेत्र के मेचुआ और इचरा सहित आसपास के गांवों का निरीक्षण किया। दल ने ग्रामीणों से बातचीत कर क्षेत्र की समस्याओं और उनकी मांगों की जानकारी ली। ग्रामीणों ने पेयजल, विद्यालयों में शिक्षकों की उपलब्धता, विस्थापित परिवारों को रोजगार और उचित मुआवजा तथा स्वास्थ्य सुविधाओं से संबंधित समस्याएं आयोग के समक्ष रखीं। आयोग ने इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने को कहा।

समीक्षा बैठक में यूसीआईएल के जनजातीय कर्मचारियों के लिए रोस्टर के अनुसार पदोन्नति, आवास तथा अन्य सेवा संबंधी मामलों पर भी चर्चा हुई। डॉ. आशा लकड़ा ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनजातीय कर्मचारियों से संबंधित मामलों का नियमों के अनुरूप समाधान किया जाए। उन्होंने जनजातीय समुदाय से जुड़े सभी लंबित विषयों में प्रभावी सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा आयोग के निर्देशों का गंभीरता से अनुपालन करने को कहा।

आयोग की ओर से उप सचिव मनोहर एन. सुकोले, सहायक निदेशक पी.के. दास, निजी सचिव कुशेश्वर साहू, विधिक सलाहकार राहुल यादव, अन्वेषक राहुल बागड़ी, वरिष्ठ अन्वेषक सोनल राज, अन्वेषक रिया राजपूत तथा निजी सहायक विवेक कुमार बैठक में शामिल हुए। आयोग ने यूसीआईएल अधिकारियों को बैठक के निर्णयों पर की गई कार्रवाई की रिपोर्ट 15 दिनों के भीतर सौंपने का निर्देश दिया।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram