गिरिडीह: नगर थाना पुलिस पर एक युवक के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के झगरी निवासी 25 वर्षीय लखन साव को चोट लगने के बाद सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवक के परिजनों ने पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है।
मामले के बीच थाना परिसर का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें कुछ पुलिसकर्मी युवक के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। हालांकि, Public Adda इस वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।
बाइक और मोबाइल जब्त करने का आरोप
लखन साव का कहना है कि वह ऑर्बिट होटल के पास दोस्तों के साथ खड़ा था। इसी दौरान पेट्रोलिंग वाहन वहां पहुंचा और पुलिसकर्मियों ने उसके साथ मारपीट की। युवक के मुताबिक, पुलिस ने उसकी बाइक और मोबाइल भी जब्त कर लिया।
इसके बाद उसने परिजनों को फोन किया और बाइक छुड़ाने के लिए उनके साथ नगर थाना पहुंचा।
थाना पहुंचने के बाद बिगड़ी तबीयत
युवक का आरोप है कि थाना परिसर में पुलिसकर्मियों ने उसके साथ फिर मारपीट की। इसी दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिसकर्मी उसे सदर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने इलाज के बाद उसे भर्ती कर लिया।
पुलिस ने आरोपों से किया इनकार
नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह ने युवक और उसके परिजनों के आरोपों को खारिज किया है। पुलिस का कहना है कि जिस स्थान पर युवक और उसके साथी मौजूद थे, वहां अक्सर नशे का सेवन करने वाले लोग रहते हैं।




