कोच्चि : एयर इंडिया एक्सप्रेस की अबू धाबी जा रही फ्लाइट को उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी के कारण कोच्चि लौटना पड़ा। 7 सितंबर को हुई इस घटना के समय विमान करीब 36 हजार फीट की ऊंचाई पर था। इंजन-1 में फ्यूल की मात्रा तेजी से कम होने के बाद तेल का दबाव खतरे की सीमा यानी रेड जोन में पहुंच गया। इसके बाद पायलटों ने इंजन-1 को बंद कर दिया। न्यूज एजेंसी ANI ने सूत्रों के हवाले से बताया कि उड़ान भरने के करीब 50 मिनट बाद पायलटों को इंजन-1 में ऑयल की मात्रा तेजी से घटती नजर आई। स्थिति का आकलन करने के लिए क्रू ने FORDEC असेसमेंट किया। इसके बाद उड़ान रद्द कर विमान को कोच्चि वापस लाने का फैसला लिया गया। कमांडर ने हाई फ्रिक्वेंसी के जरिए मुंबई रेडियो से संपर्क किया और ATC को विमान के कोच्चि लौटने की जानकारी दी।
Read More : जयपुर ब्लास्ट केस में मोहम्मद आजमी को सुप्रीम कोर्ट से झटका
एक इंजन पर सुरक्षित उतारा गया विमान
सूत्रों के मुताबिक, एक इंजन पर ओवरवेट बोइंग 737 को उतारना ज्यादा जोखिम वाला ऑपरेशन होता है। इसके बावजूद विमान ने कोच्चि एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। लैंडिंग के बाद यात्रियों को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी गई। हालांकि, फ्लाइट में कितने यात्री सवार थे, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। एयर इंडिया एक्सप्रेस और डीजीसीए की ओर से घटना को लेकर अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
3 सितंबर को भी आई थी तकनीकी खराबी
इससे पहले 3 सितंबर को भी एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक फ्लाइट में तकनीकी खराबी सामने आई थी। वाराणसी से दिल्ली जा रही फ्लाइट को तकनीकी समस्या के कारण लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी थी। सूत्रों के मुताबिक, विमान के कार्गो में धुएं का अलार्म बजा था। इसके बाद पायलट ने तुरंत लखनऊ एयरपोर्ट से संपर्क किया और विमान को वहां उतारा गया। विमान के लैंड करते ही रिस्पॉन्स टीम ने मोर्चा संभाल लिया था। मौके पर फायर ब्रिगेड और टेक्निकल एक्सपर्ट भी पहुंचे और विमान की जांच की गई।



