Bokaro news: 16 अगस्त। भारत सरकार एवं केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) महानिदेशालय के निर्देशानुसार रविवार को फिट इंडिया अभियान-2026 के अंतर्गत सीआरपीएफ की 26वीं बटालियन, आईटीआई मोड़, चास (बोकारो) द्वारा ‘संडे ऑन साइकिल’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के तहत आयोजित साइकिल रैली में 26वीं बटालियन के कमांडेंट राजीव रंजन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों एवं जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली का उद्देश्य लोगों को शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा फिट इंडिया अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना था।
इस अवसर पर कमांडेंट राजीव रंजन ने कहा कि फिट रहना प्रत्येक सैनिक के जीवन का अभिन्न हिस्सा है। ऐसे कार्यक्रम स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के साथ-साथ अनुशासन, टीम भावना और सामूहिक सहभागिता की भावना को भी मजबूत करते हैं।
रैली के दौरान जवानों ने फिटनेस का संदेश आम नागरिकों तक पहुंचाया, जिसे स्थानीय लोगों ने भी सराहा। कार्यक्रम के सफल आयोजन में द्वितीय कमान अधिकारी यशवीर सिंह, एडजुटेंट अरविंद कुमार रजक, अन्य अधिकारियों एवं जवानों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।





