Bokaro news: आदर्श विद्या मंदिर के प्रांगण में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंधन समिति के सभापति अनिल गोयल ने ध्वजारोहण कर किया। इस दौरान ‘भारत माता की जय’ के नारों से विद्यालय परिसर गूंज उठा। विद्यालय के प्राचार्य रंजीत कुमार ने अतिथियों का स्वागत किया। समारोह में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भाषण, देशभक्ति समूहगान एवं समूह नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में मारवाड़ी पंचायत के अध्यक्ष अशोक कुमार जगनानी, उपाध्यक्ष मुकेश कुमार भगेरिया, सचिव विकास अग्रवाल, सह-सचिव पंकज बंसल, कोषाध्यक्ष आनंद कुमार अग्रवाल, विद्यालय प्रबंधन समिति के उप-सभापति गोपाल टमकोरिया व मनोज मनकसिया, सचिव रितेश लोधा, सह-सचिव राज केजरीवाल सहित समाज के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
सभापति अनिल गोयल ने कहा कि विद्यालय के विकास में सभी का विशेष योगदान है। विद्यालय के बच्चे विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं और विद्यालय भवन के आधुनिकीकरण का कार्य भी तेजी से चल रहा है। उन्होंने अभिभावकों के सहयोग के लिए आभार जताते हुए बच्चों को आगे भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।मारवाड़ी पंचायत अध्यक्ष अशोक जगनानी ने वीर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि देश की नई पीढ़ी की जिम्मेदारी है कि वह हर क्षेत्र में आगे बढ़कर विश्व में भारत का परचम लहराए।
प्राचार्य रंजीत कुमार ने शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि आजादी का वास्तविक अर्थ देश के सार्थक विकास के लिए समर्पित होकर भारत को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प लेना है। उन्होंने विद्यार्थियों से देशप्रेम और राष्ट्रनिर्माण के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया।कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन विद्यालय के वरीय शिक्षक जी. पॉल ने किया।





