पिठोरिया । 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को पिठोरिया थाना परिसर में थाना प्रभारी सतीश कुमार पांडे के नेतृत्व में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया गया। झंडोत्तोलन के दौरान पुलिस पदाधिकारी, जवान और स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे। तिरंगा लहराते ही पूरा थाना परिसर देशभक्ति के जज्बे से सराबोर हो गया।
थाना प्रभारी सतीश कुमार पांडे ने तिरंगे को सलामी दी और उपस्थित पुलिसकर्मियों को देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संदेश दिया। उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान गाया और देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
इस अवसर पर थाना प्रभारी ने क्षेत्रवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की सुरक्षा के साथ आम लोगों की सेवा और उनकी सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में आम लोगों से पुलिस का सहयोग करने की अपील की। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं देशभक्ति के माहौल में संपन्न हुआ।





