Bokaro news: एन.पी. टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज, चीरा चास में मेहंदी प्रतियोगिता एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन
चीरा चास। एन.पी. टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज, चीरा चास में सावन महोत्सव का भव्य आयोजन उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के सचिव श्री प्रमोद सिंह, पांडा इंटरनेशनल स्कूल की निदेशक श्रीमती अनीता सिंह, अविनाश उत्कर्ष एवं पूजा उत्कर्ष ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर बी.एड. के छात्र-छात्राओं ने मेहंदी प्रतियोगिता के साथ मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सावन की हरियाली, भारतीय संस्कृति और लोक परंपराओं को जीवंत कर दिया। मेहंदी प्रतियोगिता में रुखसार, अंजलि रे, अर्चना सहित अन्य छात्राओं ने अपनी उत्कृष्ट कला का प्रदर्शन किया।
महाविद्यालय के सचिव श्री प्रमोद सिंह ने सभी शिक्षकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं को सावन महोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सावन केवल एक पर्व नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, प्रकृति और आपसी प्रेम का प्रतीक है। यह महीना हमें हरियाली, सकारात्मकता, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश देता है। ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों से विद्यार्थियों में भारतीय परंपराओं के प्रति सम्मान, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक मूल्यों का विकास होता है। महाविद्यालय का उद्देश्य शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व का निर्माण करना है और इस प्रकार के कार्यक्रम उसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
महाविद्यालय के एच.ओ.डी. संजीव कुमार ने कहा कि सावन महोत्सव जैसे आयोजन विद्यार्थियों के बीच सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक गुणों का विकास करते हैं। सावन का पावन महीना प्रकृति, हरियाली और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश देता है तथा भारतीय संस्कृति से जुड़ने का अवसर प्रदान करता है।
कार्यक्रम का सफल संचालन पूजा एवं बेनजीर ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रोफेसर रुपलता सिंह ने प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के व्याख्याता प्रो. भारती कुमारी, नीलू कुमारी, अखिलेश कुमार, कुमकुम कुमारी, अनामिका कुमारी, प्रदीप विश्वकर्मा, संध्याकालीन प्रभारी प्राचार्य महेश साव, आई.पी. सिंह, राजेश कुमार, सौरभ कुमार, राहुल कुमार, अजीत सिंह सहित महाविद्यालय के सभी शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।





