फॉण्ट कनवर्टर NEW

कुरआन पाक प्रतिभा खोज: 11 लाख का पहला इनाम और कश्मीर से केरल तक मुहिम

मा-दीन एकेडमी केरल 2027 में करेगी 5 करोड़ का कार्यक्रम, राष्ट्रीय तफ्सीरे कुरआन व कारी प्रतियोगिता का ऐलान

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची: देशभर में पवित्र कुरआन पाक के कारी (सुरीली आवाज में पाठ करने वाले) और तफ्सीर (अनुवाद व व्याख्या) की बेहतरीन प्रतिभाओं को तराशने और उन्हें राष्ट्रीय मंच प्रदान करने के उद्देश्य से केरल की प्रसिद्ध शिक्षण संस्था ‘मा-दीन एकेडमी’ द्वारा एक ऐतिहासिक पहल की गई है। इसी कड़ी में संस्था की ओर से चलाए जा रहे ‘खोज सफर’ का प्रतिनिधिमंडल रांची स्थित अल जामीअतुल कादरिया इस्लामी मरकज, हिन्दपीढ़ी पहुंचा, जहां स्थानीय उलेमाओं और गणमान्य द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया।
यह ‘खोज सफर’ लीडर मौलाना सैयद मो. फारूक जमालुल लैली और इंडियन पवित्र कुरआन अवार्ड के जनरल डायरेक्टर मौलाना अब्दुल जलील अजहरी के संयुक्त नेतृत्व में रांची पहुंचा है। प्रतिनिधिमंडल में निदेशक मौलाना खालिद सकाफी, हिफ्ज कॉलेज के प्रिंसिपल हाफिज बशीर साहदी, मौलाना हमीद जुनैद अडानी, मौलाना मो. नसीम अडानी और मौलाना मो. आशिक अडानी सहित करीब 20 प्रमुख उलेमा शामिल हैं।
इस्लामी मरकज में आयोजित एक गरिमामयी सभा को संबोधित करते हुए मौलाना अब्दुल जलील अजहरी ने बताया कि यह सफर कश्मीर से केरल तक प्रत्येक राज्य और जिले में शैक्षणिक जागरूकता फैलाने के लिए चलाया जा रहा है। इसका मुख्य मकसद कुरआन पाक की छिपी हुई प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें सम्मानित करना है।
उन्होंने बताया कि लगभग 5 करोड़ रुपये के कुल बजट से आयोजित होने वाली इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता का ग्रांड फिनाले वर्ष 2027 में 27वें रमजान को केरल में आयोजित किया जाएगा। यह प्रतियोगिता दो मुख्य चरणों में होगी—पहला चरण ‘तफ्सीरे कुरआन’ (अनुवाद के साथ) और दूसरा चरण ‘कारी’ (सुरीली आवाज में पाठ) का होगा। इसके लिए जिला और राज्य स्तर पर विभिन्न केंद्रों के माध्यम से दो चरणों में प्रतिभावान प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा।
प्रतियोगिता की खास बात यह है कि इसमें 12 से 30 वर्ष की आयु के महिला और पुरुष (दोनों) भाग ले सकते हैं। इच्छुक प्रतिभागी 30 सितंबर 2026 तक आधिकारिक वेबसाइट www.indiaquranaward.com पर जाकर ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं।
पुरस्कारों का ऐलान करते हुए जनाब अजहरी ने बताया कि ग्रांड फिनाले में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को 11,11,111 रुपये (ग्यारह लाख ग्यारह हजार एक सौ ग्यारह रुपये) का नकद इनाम दिया जाएगा। वहीं द्वितीय स्थान के लिए 3 लाख रुपये और तृतीय स्थान के लिए 2 लाख रुपये का पुरस्कार तय किया गया है। इसके अलावा सभी प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार दिए जाएंगे। फिनाले में भाग लेने वाले तमाम प्रतिभागियों का पूरा खर्च मा-दीन एकेडमी खुद वहन करेगी।
कार्यक्रम के दौरान हाफिज आशिक अडानी ने इस्लामी मरकज सहित तमाम सामाजिक व धार्मिक संगठनों से युवाओं को इस प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित करने की अपील की। इस अवसर पर मरकज के प्रिंसिपल मौलाना मो. नेजाम, मुफ्ती एजाज हुसैन मिस्बाही, कारी मो. अय्यूब, मौलाना नूर मोहम्मद, अब्दुल कादिर रब्बानी, अकीलुर्रहमान, प्रवक्ता मो. इसलाम सहित सैकड़ों छात्र और शहर के कई गणमान्य उपस्थित थे।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram