Aurangabad: जिले के जम्होर थाना क्षेत्र के बलिकरना गांव में दो पक्षों के बीच हो रही मारपीट रोकने पहुंची पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया। लाठी-डंडों से हुए हमले में थानाध्यक्ष (SHO) सूर्यवीर गुप्ता समेत चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। थानाध्यक्ष की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि अन्य तीन पुलिसकर्मियों का इलाज जारी है। जानकारी के अनुसार, बलिकरना गांव में किसी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हो रही थी। इसकी सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष सूर्यवीर गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
समझाने के दौरान पुलिस टीम पर हमला
पुलिस टीम मौके पर दोनों पक्षों को समझाने-बुझाने का प्रयास कर रही थी। इसी दौरान एक पक्ष उग्र हो गया और अचानक पुलिसकर्मियों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में SHO सूर्यवीर गुप्ता, एसआई अजय खरवार, दारोगा पुष्प कुमारी और एक महिला सिपाही घायल हो गए। घटना के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया।
थानाध्यक्ष सूर्यवीर गुप्ता की हालत गंभीर
सदर अस्पताल में SHO सूर्यवीर गुप्ता की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। वहीं, हमले में घायल अन्य तीन पुलिसकर्मियों का इलाज जारी है। पुलिस टीम पर हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर वरीय अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
FIR दर्ज, आरोपियों की तलाश में छापेमारी
पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर ली है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए बलिकरना गांव में छापेमारी शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। घटना में शामिल दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।




