Patna: US क्रिप्टिक क्रॉसवर्ड चैंपियनशिप 2026 (US Triple-C 2026) और Canada क्रिप्टिक क्रॉसवर्ड चैंपियनशिप 2026 (Canada Triple-C 2026) का दो चरणों में आयोजित प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। EXTRA-C और वर्ल्ड क्रिप्टिक क्रॉसवर्ड फेडरेशन (WCWF) ने इस प्रतियोगिता का आयोजन बिहार फाउंडेशन तथा बिहार पर्यटन विभाग के उदार सहयोग एवं प्रायोजन से किया। दोनों राउंड के संयुक्त अंकों के सत्यापन के बाद एरिक अगार्ड को US Triple-C 2026 का ओवरऑल चैंपियन तथा रूपर्ट मॉरिश को Canada Triple-C 2026 का ओवरऑल चैंपियन घोषित किया गया।
Read more: बिहार की वेस्ट टू वेल्थ पहल बनी मिसाल, पीएम मोदी ने मन की बात में किया जिक्र
प्रतियोगिता में उत्तर अमेरिका के कई उत्कृष्ट क्रिप्टिक क्रॉसवर्ड खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर विशेष रूप से तैयार किए गए क्रिप्टिक क्रॉसवर्ड हल करने थे। अंतिम परिणाम राउंड-1 और राउंड-2 के संयुक्त अंकों के आधार पर घोषित किए गए, जिसमें सटीकता (Accuracy) को प्राथमिकता दी गई और बराबरी की स्थिति में समय (Speed) को निर्णायक माना गया।
US Triple-C 2026 के ओवरऑल शीर्ष आठ खिलाड़ी
US Triple-C 2026 में एरिक अगार्ड पहले स्थान पर रहे। डैन श्वार्ट्ज ने दूसरा और मैथ्यू मार्कस ने तीसरा स्थान हासिल किया। जोशुआ कॉस्मन चौथे, मैरी देजार्डिन्स पांचवें, मैट मैथेसन छठे, जॉर्ज हर्ड सातवें तथा पैट कज़िन्स आठवें स्थान पर रहे।
Canada Triple-C 2026 के ओवरऑल शीर्ष आठ खिलाड़ी
Canada Triple-C 2026 में रूपर्ट मॉरिश ने पहला स्थान हासिल किया। विल नेडिगर दूसरे, डैनियल हॉल तीसरे और नोआह लेवाइन चौथे स्थान पर रहे। अब्दुल खालिद पांचवें, मैथ्यू कोहेन छठे, रेयांश सिन्हा सातवें तथा बर्नी कुंट्ज़ आठवें स्थान पर रहे।
बिहार फाउंडेशन एवं बिहार पर्यटन विभाग के सहयोग से हुआ आयोजन
इन दोनों अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप का आयोजन EXTRA-C एवं वर्ल्ड क्रिप्टिक क्रॉसवर्ड फेडरेशन (WCWF) ने बिहार फाउंडेशन तथा बिहार पर्यटन विभाग के सहयोग एवं प्रायोजन से किया। उत्तर अमेरिका के कई प्रमुख खिलाड़ियों की भागीदारी ने प्रतियोगिता को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई और क्रिप्टिक क्रॉसवर्ड की बढ़ती लोकप्रियता को भी मजबूती प्रदान की।
प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों ने भाषाई क्षमता, तार्किक विश्लेषण, रचनात्मक सोच और समस्या-समाधान कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। आयोजन का स्तर इस बात का संकेत रहा कि दुनिया भर में क्रिप्टिक क्रॉसवर्ड के प्रति रुचि लगातार बढ़ रही है।
आयोजकों ने जताया आभार
आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी। साथ ही बिहार फाउंडेशन एवं बिहार पर्यटन विभाग का सहयोग और प्रायोजन के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने EXTRA-C तथा वर्ल्ड क्रिप्टिक क्रॉसवर्ड फेडरेशन (WCWF) के सफल मार्गदर्शन और आयोजन की भी सराहना की, जिसके कारण यह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता विश्वस्तरीय रूप में संपन्न हो सकी।
आयोजकों ने वर्ल्ड क्रिप्टिक क्रॉसवर्ड फेडरेशन के संयुक्त राज्य अमेरिका चैप्टर के अध्यक्ष मैथ्यू मार्कस तथा कनाडा चैप्टर के अध्यक्ष लैरी क्लाइन के नेतृत्व और योगदान की भी विशेष सराहना की। उन्होंने अपने-अपने देशों में क्रिप्टिक क्रॉसवर्ड की संस्कृति को मजबूत करने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभागिता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
Read more: बक्सर में ज्ञानार्जन अभियान शुरू, हर बच्चे तक पहुंचेगी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा
US Triple-C 2026 और Canada Triple-C 2026 के सफल समापन के साथ आयोजकों ने भविष्य में भी ऐसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के माध्यम से दुनिया भर में क्रिप्टिक क्रॉसवर्ड को अधिक लोकप्रिय बनाने तथा विभिन्न देशों के खिलाड़ियों के बीच सहयोग और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।




