फॉण्ट कनवर्टर NEW

नालंदा में 48 घंटे से लापता युवती का कुएं से मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

नालंदा जिले के हरनौत थाना क्षेत्र के नेहूसा गांव में 48 घंटे से लापता 20 वर्षीय खुशबू कुमारी का शव ठाकुरबाड़ी मंदिर परिसर के कुएं से मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

अपनी भाषा में पढ़ें

Nalanda (Biharsharif): बिहार के नालंदा जिले के हरनौत थाना क्षेत्र के नेहूसा गांव में 48 घंटे से लापता 20 वर्षीय युवती का शव रविवार सुबह कुएं से बरामद हुआ। युवती का शव ठाकुरबाड़ी मंदिर परिसर स्थित कुएं में मिला, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतका की पहचान नेहूसा गांव निवासी संजय कुमार की 20 वर्षीय पुत्री खुशबू कुमारी के रूप में हुई है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची हरनौत थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बिहारशरीफ भेज दिया।

कैसे हुआ खुलासा?

परिजनों के अनुसार, खुशबू कुमारी शुक्रवार सुबह बिना किसी को बताए घर से निकल गई थी। जाते समय वह अपने साथ स्कूल के शैक्षणिक प्रमाण पत्र, बैंक पासबुक और अन्य जरूरी दस्तावेज भी ले गई थी।

काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो उसके पिता संजय कुमार ने शनिवार को हरनौत थाना में गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई थी।

रविवार सुबह करीब छह बजे स्थानीय लोगों ने ठाकुरबाड़ी मंदिर परिसर स्थित कुएं में एक युवती का शव देखा। इसके बाद पुलिस और परिजनों को सूचना दी गई।

पुलिस ने क्या कहा?

घटना की जानकारी मिलते ही हरनौत थानाध्यक्ष मुकेश कुमार वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकाला गया।

थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया शव की स्थिति से प्रतीत होता है कि युवती की मौत करीब दो दिन पहले हुई होगी। शव से दुर्गंध आने के कारण घटना के लगभग दो दिन पुरानी होने की आशंका जताई जा रही है।

उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में आत्महत्या की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

आगे की जांच जारी

पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष मुकेश कुमार वर्मा ने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram