फॉण्ट कनवर्टर NEW

कोसी कटाव से सुपौल में तबाही, कई परिवार बेघर, प्रशासन ने राहत का दिया भरोसा

सुपौल प्रखंड की तेलवा पंचायत में कोसी नदी के तेज कटाव से एक दर्जन से अधिक घर नदी में समा गए। कई परिवार बेघर हो गए हैं और ग्रामीणों ने प्रशासन से राहत, पुनर्वास और स्थायी सुरक्षा उपायों की मांग की है।

अपनी भाषा में पढ़ें

Supaul: बिहार के सुपौल प्रखंड अंतर्गत तेलवा पंचायत के वार्ड संख्या-5 में कोसी नदी का कटाव लगातार परेशानी बढ़ा रहा है। नदी की तेज धारा के कारण एक दर्जन से अधिक घर कटाव की चपेट में आकर नदी में समा गए हैं। इससे कई परिवार बेघर हो गए हैं और खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं।

कोसी कटाव से कई परिवार प्रभावित

कटाव प्रभावित परिवारों के सामने भोजन, सुरक्षित आवास और बच्चों की सुरक्षा जैसी कई समस्याएं खड़ी हो गई हैं। लगातार बढ़ रहे कटाव से इलाके में डर और अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है।

ग्रामीणों ने बताया कि संजय यादव, विजय यादव, अमलेश यादव समेत कई लोगों के घर देखते ही देखते कोसी नदी की धारा में समा गए। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों की मेहनत और जीवनभर की कमाई से बनाए गए घर कुछ ही समय में नदी में विलीन हो गए।

ग्रामीणों ने प्रशासन पर लगाए आरोप

कटाव प्रभावित लोगों का आरोप है कि हर साल बाढ़ और कटाव के समय सरकार और प्रशासन की ओर से बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन आपदा के समय समय पर सहायता नहीं पहुंचती।

ग्रामीणों का कहना है कि अब तक न तो कोई जनप्रतिनिधि गांव पहुंचा है और न ही प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री उपलब्ध कराई गई है। इससे लोगों में नाराजगी है।

प्रभावित परिवारों ने मांगी मदद

कटाव पीड़ित परिवारों ने जिला प्रशासन से तत्काल राहत सामग्री उपलब्ध कराने, सुरक्षित स्थान पर पुनर्वास कराने और कोसी कटाव रोकने के लिए स्थायी सुरक्षा उपाय करने की मांग की है।

ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले दिनों में और भी कई घर कोसी नदी की धारा में समा सकते हैं।

प्रशासन ने क्या कहा?

इस मामले में अंचल अधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कर नियमानुसार प्रभावित परिवारों को राहत और राशन सामग्री उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाएगी।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram