फॉण्ट कनवर्टर NEW

मिलीं 8,211 शिकायतें, नगर निगम ने किया 5,500 से अधिक समस्याओं का समाधान

रांची नगर निगम का 24x7 कनेक्ट सेंटर बना नागरिकों का साथी, एक कॉल पर समाधान, टोल-फ्री 18005701235 पर दर्ज करें शिकायत

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची: राजधानी रांची के नागरिकों को त्वरित, पारदर्शी और जवाबदेह सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रांची नगर निगम द्वारा संचालित 24×7 कनेक्ट सेंटर आम जनता के लिए बेहद मददगार साबित हो रहा है। नगर निगम क्षेत्र के निवासी अब घर बैठे ही अपनी समस्याओं और शिकायतों का पंजीकरण करा रहे हैं, जिनका समयबद्ध निवारण भी सुनिश्चित किया जा रहा है।

सफाई, कचरा उठाव, स्ट्रीट लाइट, जलापूर्ति, प्रधानमंत्री आवास योजना, राजस्व, इंफोर्समेंट, डे-एनयूएलएम और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी किसी भी समस्या या जानकारी के लिए नागरिक किसी भी समय टोल-फ्री नंबर 18005701235 पर संपर्क कर सकते हैं।

8,211 में से 5,527 शिकायतों का समय पर निष्पादन

नगर निगम द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, चालू वित्तीय वर्ष में अप्रैल 2026 से अब तक कनेक्ट सेंटर में कुल 8,211 शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इनमें से 5,527 मामलों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादन किया जा चुका है। यह आंकड़ा नगर निगम की कार्यप्रणाली के प्रति आम जनता के बढ़ते विश्वास को दर्शाता है।

किस क्षेत्र से आईं कितनी शिकायतें?

  • स्ट्रीट लाइट (पथ बत्ती): सबसे अधिक 3,203 शिकायतें स्ट्रीट लाइट से संबंधित प्राप्त हुईं, जिनमें से 2,548 का समय पर समाधान किया गया। शेष शिकायतें मुख्य रूप से नई स्ट्रीट लाइट लगाने से जुड़ी हैं, जिसके लिए टेंडर प्रक्रिया जारी है और जल्द ही काम शुरू होगा।

  • सफाई और कचरा प्रबंधन: स्वच्छता और कचरा उठाव से जुड़ी 2,966 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 2,023 का समाधान कर लिया गया है। चूंकि सफाई दैनिक प्रक्रिया है, इसलिए निगम हर शिकायत के त्वरित निपटारे में जुटा रहता है।

  • सड़क एवं नाली निर्माण: अभियांत्रण शाखा से संबंधित सड़क और नाली निर्माण के 220 अनुरोध प्राप्त हुए हैं। वित्तीय स्वीकृति मिलते ही इन कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।

नागरिकों से निगम की अपील

रांची नगर निगम ने सभी शहरवासियों से अपील की है कि नगर निगम से जुड़ी किसी भी समस्या, शिकायत या सेवा संबंधी जानकारी के लिए 24×7 कनेक्ट सेंटर के टोल-फ्री नंबर 18005701235 का अधिक से अधिक उपयोग करें। नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से ही रांची को एक स्वच्छ, व्यवस्थित और नागरिक-अनुकूल शहर बनाया जा सकता है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram