Written by public adda. Com
*रांची*: झारखंड सरकार ने रांची स्थित रिनपास (RINPAS) के विकास के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में 25 करोड़ रुपये की मंजूरी प्रदान की है। इस संबंध में स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने आदेश जारी कर दिया है।
जारी आदेश के अनुसार, आवंटित राशि का उपयोग रिनपास में शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार, नए भवनों के निर्माण, पुराने भवनों के जीर्णोद्धार तथा आधुनिक मशीनों एवं आवश्यक उपकरणों की खरीद के लिए किया जाएगा। इन सभी कार्यों को शासी परिषद की स्वीकृति के बाद ही क्रियान्वित किया जाएगा।
विभागीय जानकारी के अनुसार, कुल राशि में से 10.19 करोड़ रुपये गैर-वेतन मद में बैंक खाते के माध्यम से, 3.80 करोड़ रुपये वेतन मद के लिए तथा 11 करोड़ रुपये गैर-वेतन मद में पीएल खाते के माध्यम से व्यय किए जाएंगे।
सरकार ने रिनपास की निदेशक डॉ. जयाति सिमलाई को निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी नियुक्त किया है। साथ ही निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी संबंधित अभियंताओं को सौंपी गई है।
सरकार ने निर्देश दिया है कि सभी खर्चों का नियमित ऑडिट कराया जाएगा तथा प्रत्येक माह की 10 तारीख तक व्यय और विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग को भेजना अनिवार्य होगा।
इस पहल से रिनपास में मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा शिक्षा और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होने की उम्मीद है।



