रांची: नगड़ी थाना क्षेत्र के सपारोम से गुरुवार को अगवा की गई पांच वर्षीय मासूम बच्ची को पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने यह कार्रवाई बिहार के गयाजी जंक्शन के पास स्थित एक होटल में छापेमारी कर की। इस सनसनीखेज अपहरण कांड में शामिल तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है।
ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने शुक्रवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गुरुवार को बच्ची का अपहरण किया गया था। इसके बाद अपहरणकर्ताओं ने परिजनों को फोन कर तीन लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। परिजनों की शिकायत पर नगड़ी थाना पुलिस तुरंत एक्शन में आई और मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष टीम का गठन किया गया।
तकनीकी इनपुट और मोबाइल लोकेशन के आधार पर रांची पुलिस ने बिहार पुलिस के सहयोग से गयाजी में 30 से अधिक ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। आखिरकार पुलिस ने बच्ची को सकुशल मुक्त करा लिया।
पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। मुख्य आरोपी रमेश कुमार मिश्रा पीड़ित परिवार के घर के पास ही किराए के मकान में रहता था। उसने पैसों के लालच में बच्ची को बहला-फुसलाकर अगवा किया और गया ले गया। उसने परिजनों को धमकी दी थी कि अगर तीन लाख रुपये नहीं मिले तो वह बच्ची को जान से मार देगा। डरे हुए पिता से आरोपियों ने दो अलग-अलग नंबरों पर 5 हजार रुपये ऑनलाइन भी ट्रांसफर करवा लिए थे। इस अपराध में रमेश के दो सहयोगियों, सचिन कुमार और मोनू कुमार ने बच्ची को छिपाने और फिरौती वसूलने में मदद की थी। पुलिस फिलहाल तीनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।





