अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
रांची: झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने बताया कि राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर आगामी 14 जुलाई 2026 को बीएलओ और बीएलए-2 की दूसरी संयुक्त बैठक के साथ विशेष ‘चुनाव पाठशाला’ का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान एक सहभागी प्रक्रिया है। इसे शत-प्रतिशत त्रुटिहीन बनाने के लिए राज्य के हर पात्र नागरिक, मतदाता और राजनीतिक दलों के सहयोग की जरूरत है। इस विशेष अभियान के तहत 14 जुलाई को सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक सभी बूथों पर बैठकें होंगी।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्देश दिया है कि इस चुनाव पाठशाला में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा ‘एएसडी सूची’ को अनिवार्य रूप से सार्वजनिक रूप से पढ़कर सुनाया जाए ताकि उसका सत्यापन हो सके। साथ ही, अनमैप्ड मतदाताओं पर भी विस्तार से चर्चा होगी। उन्होंने बताया कि चक्रधरपुर, तोरपा, बड़कागांव और सिमडेगा विधानसभा क्षेत्रों के कुछ चुनिंदा बूथों पर इन्यूमरेशन फॉर्म भरवाकर 100% डिजिटाइजेशन का काम पूरा कर लिया गया है, जिसके लिए वहां के अधिकारी और मतदाता बधाई के पात्र हैं।
राज्य में अब तक बीएलओ द्वारा 83.40% मतदाताओं को इन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध करा दिए गए हैं। इनमें से 5,336 मतदान केंद्र ऐसे हैं, जहां शत-प्रतिशत वितरण पूरा हो चुका है। के रवि कुमार ने अन्य सभी क्षेत्रों के नागरिकों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द फॉर्म भरकर अपने बीएलओ को लौटाएं। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस पूरी प्रक्रिया का मुख्य उद्देश्य यही है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक वोटर लिस्ट से न छूटे और कोई भी अपात्र व्यक्ति इसमें न जुड़ पाए।

