अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Chaibasa News; पश्चिमी सिंहभूम जिला स्थित झींकपानी थाना क्षेत्र के असुरा-हाथी मंडा रोड के पास करंट लगने से जान गंवाने वाले 25 वर्षीय आकाश कुमार के परिजनों को मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया अब तेज हो गई है। बुधवार को नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश और वार्ड पार्षद धर्मवीर पासवान ने बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता गौतम राणा को मृतक के परिवार से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध करा दिए।
मधु बाजार झोपड़ बस्ती निवासी आकाश कुमार की 12 अप्रैल 2026 को करंट की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई थी। इस हादसे के बाद परिवार पर आर्थिक और मानसिक संकट गहरा गया था। अब प्रशासनिक स्तर पर मुआवजा दिलाने की दिशा में कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है।
नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश ने बताया कि पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द सरकारी सहायता मिल सके, इसके लिए आवश्यक दस्तावेज विभाग को सौंप दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि दुर्घटना से प्रभावित परिवारों को समय पर राहत मिलना बेहद जरूरी है और उम्मीद है कि विभाग सभी औपचारिकताएं पूरी कर शीघ्र सहायता राशि जारी करेगा।
वार्ड पार्षद धर्मवीर पासवान ने कहा कि घटना के बाद से ही वे मृतक के परिजनों के संपर्क में हैं। परिवार इस समय कठिन परिस्थितियों से गुजर रहा है, इसलिए जनप्रतिनिधियों का दायित्व है कि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर दिलाया जाए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस मामले में हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता गौतम राणा ने बताया कि दस्तावेज प्राप्त होने के बाद विभाग नियमानुसार प्रक्रिया पूरी करेगा। सभी औपचारिकताएं पूरी होने पर मृतक के परिजनों को पांच लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि विभागीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
उल्लेखनीय है कि 12 अप्रैल 2026 को असुरा-हाथी मंडा रोड के समीप हुए इस दर्दनाक हादसे में आकाश कुमार की करंट लगने से मौत हो गई थी। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई थी। अब मुआवजा प्रक्रिया में तेजी आने से पीड़ित परिवार को जल्द आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।

