अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Jamshedpur News: कदमा थाना क्षेत्र के रामजनमनगर में युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनिल सोना उर्फ रिंकू और कृष्णा सोना के रूप में हुई है। पुलिस अब उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
घटना गुरुवार देर रात की है। पुलिस के अनुसार रामजनमनगर में किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद के दौरान आरोपियों ने संजय तांडी के मुंह में सटाकर गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद घायल संजय तांडी की बहन संतोषी तांडी के बयान के आधार पर कदमा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। शिकायत में पड़ोसी अनिल सोना उर्फ रिंकू और कृष्णा सोना को नामजद अभियुक्त बनाया गया, जिसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
कदमा थाना प्रभारी दिलीप कुमार यादव ने शनिवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। उनकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार की बरामदगी के लिए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी जारी है। उन्होंने कहा कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

