अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Bokaro News: चास नगर निगम के महापौर भोलू पासवान की अध्यक्षता में नगर निगम कार्यालय में साफ-सफाई एवं शहर के सौंदर्यीकरण को लेकर एक विशेष समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर आयुक्त संजीव कुमार एवं उपमहापौर पूजा कुमारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में आगामी मानसून को ध्यान में रखते हुए शहर के सभी प्रमुख बड़े नालों की जीरो लेवल से सफाई कराने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया, ताकि बरसात के दौरान जलजमाव एवं नालों के जाम होने की समस्या से नागरिकों को राहत मिल सके।
महापौर ने शहर के सभी दुकानदारों से अपील की कि वे अपने-अपने प्रतिष्ठानों के सामने बने स्लैब (ढक्कन) को अस्थायी रूप से हटा दें, जिससे नालों की तलहटी तक प्रभावी ढंग से सफाई की जा सके। साथ ही यह भी निर्णय लिया गया कि गरगा नदी की ओर जाने वाले सभी बड़े नालों की पूर्ण रूप से सफाई सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में नालों के ऊपर किए गए अतिक्रमण, विशेषकर गुमटी एवं अन्य अस्थायी दुकानों को हटाने की अपील भी की गई, ताकि जल निकासी व्यवस्था सुचारु बनी रहे और सफाई कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
प्राथमिकता के आधार पर मेन रोड, बाइपास रोड, ढाढ़ी मोड़, धर्मशाला मोड़, तेलगढ़िया मोड़ सहित शहर के सभी प्रमुख मार्गों के बड़े नालों की सफाई अभियान शीघ्र प्रारंभ करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में सेनेट्री सुपरवाइजर, नगर प्रबंधक, ललित रंजन लकड़ा, मेघनाथ चौधरी, रविशंकर, राहुल कुमार, विभिन्न वार्डों के सफाई सुपरवाइजर, कॉमर्शियल जोन के सफाई सुपरवाइजर सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
चास नगर निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि वे साफ-सफाई अभियान में सहयोग करें तथा नालों एवं सार्वजनिक स्थलों पर कचरा न फेंकें, जिससे चास को स्वच्छ, सुंदर एवं जलजमाव-मुक्त बनाया जा सके।

