अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi: झारखंड में एक बार फिर मानसून (Jharkhand Weather:) सक्रिय होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 30 जून और 1 जुलाई को राज्य के कई जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग के अनुसार, उत्तर-पूर्वी, मध्यवर्ती और दक्षिणी जिलों में व्यापक वर्षा होने की संभावना है, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की जा सकती है।
Read more: मौसम विभाग का पूर्वानुमान: झारखंड में 9 और 10 जून को होगी रिकॉर्डतोड़ मूसलाधार बारिश!
30 जून और 1 जुलाई के लिए अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 30 जून को राज्य के उत्तर-पूर्वी और मध्यवर्ती हिस्सों, विशेषकर बोकारो और धनबाद जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं 1 जुलाई को देवघर, दुमका, पाकुड़, जामताड़ा, साहिबगंज और गोड्डा समेत उत्तर-पूर्वी क्षेत्र के कई जिलों में तेज बारिश का पूर्वानुमान है। इसके अलावा पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, रांची, खूंटी, रामगढ़ और धनबाद जिलों में भी भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है।
पिछले 24 घंटे का मौसम और तापमान
विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक 38.6 मिलीमीटर बारिश सिमडेगा जिले के कोलेबिरा में रिकॉर्ड की गई। सबसे अधिक तापमान डाल्टनगंज में 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि सबसे कम तापमान रांची स्थित बीएयू परिसर के पास 21.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
शनिवार को राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से मौसम साफ रहने के कारण लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा। हालांकि उत्तर-पश्चिमी जिलों को छोड़कर राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
किसानों और यात्रियों के लिए सलाह
राज्य के प्रमुख शहरों में रांची का अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम 37 डिग्री और न्यूनतम 27.4 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 40.2 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 39.1 डिग्री और न्यूनतम 26.5 डिग्री, जबकि चाईबासा में अधिकतम 35.8 डिग्री और न्यूनतम 25.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक मौसम में तेजी से बदलाव की संभावना जताई है। विभाग ने विशेष रूप से किसानों, यात्रियों और खुले स्थानों पर काम करने वाले लोगों से मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।

