फॉण्ट कनवर्टर NEW

सरकारी कार्यक्रम के बाद फैली गंदगी पर भड़के छात्र, उपायुक्त से की शिकायत

Chaibasa news: कोल्हान छात्र संघर्ष समिति ने टाटा कॉलेज चाईबासा एवं कोल्हान विश्वविद्यालय परिसर स्थित मल्टीपरपज हॉल में आयोजित सरकारी कार्यक्रमों के बाद फैलने वाली गंदगी और बिना पूर्व सूचना कार्यक्रम आयोजन को लेकर उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा है। समिति ने ज्ञापन के माध्यम से

अपनी भाषा में पढ़ें

Chaibasa news: कोल्हान छात्र संघर्ष समिति ने टाटा कॉलेज चाईबासा एवं कोल्हान विश्वविद्यालय परिसर स्थित मल्टीपरपज हॉल में आयोजित सरकारी कार्यक्रमों के बाद फैलने वाली गंदगी और बिना पूर्व सूचना कार्यक्रम आयोजन को लेकर उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा है।

समिति ने ज्ञापन के माध्यम से कहा है कि मल्टीपरपज हॉल में समय-समय पर सरकारी कार्यक्रम, बैठकें एवं समारोह आयोजित किए जाते हैं, लेकिन कई बार कॉलेज एवं विश्वविद्यालय प्रशासन को इसकी पूर्व सूचना या अनुमति नहीं दी जाती है। इससे शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन में परेशानी होती है।

छात्रों का आरोप है कि कार्यक्रम समाप्त होने के बाद परिसर, मैदान और मल्टीपरपज हॉल के आसपास बड़ी मात्रा में कचरा, डिस्पोजेबल प्लेट, प्लास्टिक ग्लास एवं अन्य अपशिष्ट सामग्री छोड़ दी जाती है। इससे परिसर की स्वच्छता प्रभावित होती है और विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

समिति की ओर से बताया गया कि 21 जून 2026 को आयोजित एक सरकारी कार्यक्रम के बाद परिसर में फैली गंदगी के फोटोग्राफ भी उपायुक्त को सौंपे गए हैं। छात्रों ने कहा कि इस तरह की स्थिति स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्यों के विपरीत है।

कोल्हान छात्र संघर्ष समिति ने मांग की है कि भविष्य में किसी भी सरकारी कार्यक्रम के आयोजन से पहले संबंधित कॉलेज एवं विश्वविद्यालय प्रशासन को लिखित सूचना और अनुमति दी जाए। साथ ही कार्यक्रम के बाद परिसर, मैदान एवं मल्टीपरपज हॉल की साफ-सफाई और रखरखाव की जिम्मेदारी आयोजनकर्ता विभाग की तय की जाए।

समिति ने जिला प्रशासन से शैक्षणिक वातावरण की गरिमा और स्वच्छता बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

मौके पर छात्र नेता सह झामुमो छात्र मोर्चा के जिला अध्यक्ष सनातन पिंगुआ, टाटा कॉलेज छात्रसंघ नेता पीपुन बारीक, अनुज पुरती, शिवशंकर बेहरा, मिलन पान, मोटाई कोंडानकेल, कृष्णा तिरिया, मदन पूर्ति, सलमान हेम्ब्रम, आरस महतो, सुखदेव गोप, रामाय तमसोय सहित अन्य छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram