अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Jamshedpur: साकची थाना क्षेत्र के बंगाल क्लब रोड स्थित अभिषेक जुबली चाय दुकान के समीप हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान गोलमुरी टुइलाडुंगरी निवासी विपिन शुक्ला (28) के रूप में हुई है। आरोपी के पास से एक अवैध देसी पिस्तौल और मैगजीन भी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, 19 जून की रात करीब 10 बजे बंगाल क्लब रोड पर एक युवक ने फायरिंग कर इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश की थी। घटना के बाद मौके से 7.65 एमएम का एक खोखा बरामद हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के नेतृत्व और सिटी डीएसपी की निगरानी में विशेष छापामारी टीम गठित की गई।
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचनाओं के आधार पर आरोपी की पहचान की गई। इसके बाद 21 जून को पुलिस ने उसे सीतारामडेरा बस स्टैंड की ओर जाते समय हाथीघोड़ा मंदिर के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने फायरिंग की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में सिटी डीएसपी संजीव कुमार ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर स्वर्णरेखा नदी किनारे झाड़ियों में छिपाकर रखी गई घटना में प्रयुक्त अवैध देसी पिस्तौल और एक मैगजीन बरामद की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि उसने बंगाल क्लब रोड के दुकानदारों को डराने-धमकाने और रंगदारी वसूलने के उद्देश्य से फायरिंग की थी।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि घटना में अन्य लोगों की भूमिका थी या नहीं।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तार विपिन शुक्ला का संबंध चर्चित अपराधी दशरथ शुक्ला से है, जो उसका भाई बताया जा रहा है। दशरथ शुक्ला पूर्व में मिराज सिनेमा के मालिक हरीश सिंह पर हुई फायरिंग के मामले में भी आरोपी रह चुका है। उसका नाम कुख्यात अपराधियों प्रिंस खान और सुजीत सिन्हा गिरोह से भी जुड़ चुका है। पुलिस अब इस मामले में संगठित अपराध और रंगदारी नेटवर्क के संभावित संबंधों की भी जांच कर रही है।

