अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
रांची: झारखण्ड सरकार के कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग ने एक बड़ी प्रशासनिक सर्जरी करते हुए झारखण्ड प्रशासनिक सेवा (JAS) के 88 पदाधिकारियों का तत्काल प्रभाव से स्थानांतरण और पदस्थापन कर दिया है. राज्यपाल के आदेश से संयुक्त सचिव चिन्टू दौराईबुरु द्वारा जारी इस अधिसूचना के बाद पूरे राज्य के प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है. इस बड़े फेरबदल में कई जिलों के नगर आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी (SDO), प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) और अंचल अधिकारी (CO) बदले गए हैं.
नगर निगमों और प्रमंडलों में नए चेहरों की तैनाती
सरकार द्वारा जारी इस ट्रांसफर लिस्ट में कई महत्वपूर्ण शहरों और नगर निगमों के अधिकारियों को बदला गया है. वरिष्ठ अधिकारी अजय कुमार तिर्की को रांची का विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी बनाया गया है. वहीं एजाज अनवर को आदित्यपुर नगर निगम का नया नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है. विनोद कुमार को मेदिनीनगर नगर निगम और प्रदीप कुमार को हजारीबाग नगर निगम में अपर नगर आयुक्त के पद पर भेजा गया है. इसके अतिरिक्त, योगेन्द्र प्रसाद को जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति का नगर आयुक्त और राजीव कुमार मिश्र को मानगो नगर निगम का उप नगर आयुक्त बनाया गया है. रोहित सिन्हा पलामू प्रमण्डल के नए आयुक्त के सचिव होंगे.
चुनाव विभाग को सौंपी गई कई अफसरों की सेवाएँ
इस प्रशासनिक फेरबदल की सबसे बड़ी बात यह है कि बड़ी संख्या में अधिकारियों की सेवाएँ मंत्रिमंडल (निर्वाचन) विभाग को सौंपी गई हैं, जिन्हें उप निर्वाचन पदाधिकारी के पद पर तैनात किया जाएगा. इनमें कुमुदिनी टुडू, ललन कुमार, प्रशांत कुमार लायक, लक्ष्मी नारायण किशोर, बिजय कुमार सोनी, मनीषा वत्स, सागरी बराल, पायल राज, संजय कुमार, बिपिन कुमार दुबे, पारूल सिंह, गुंजन कुमारी सिन्हा, मो० मोजाहिद अंसारी, मो० कयुम अंसारी, रविन्द्र कुमार और कुमुद कुमार झा जैसे अधिकारी शामिल हैं.
अनुमंडल और जिलों के स्तर पर हुए बदलाव
कानून व्यवस्था और जमीनी प्रशासन को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए कई SDO और भूमि सुधार अधिकारियों के भी तबादले किए गए हैं. संजय पाण्डेय को मेदिनीनगर (पलामू) का नया अनुमण्डल पदाधिकारी (SDO) बनाया गया है, जबकि कुमार मयंक भूषण को गढ़वा का SDO नियुक्त किया गया है. इसके अलावा, राकेश कुमार को धनबाद का अपर जिला दण्डाधिकारी (विधि व्यवस्था) और मुकेश मछुवा को जमशेदपुर का अपर जिला दण्डाधिकारी (विधि व्यवस्था) बनाया गया है. अधिसूचना के अनुसार, जिन अधिकारियों को अनुमण्डल पदाधिकारी या कार्यपालक दण्डाधिकारी के पद पर तैनात किया गया है, उन्हें भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा-14 के तहत दण्डाधिकारी की शक्तियाँ भी प्रदान की गई हैं.
प्रखंड और अंचलों में भी बड़ा बदलाव
ग्रामीण विकास और राजस्व विभागों को मजबूत करने के लिए भारी संख्या में BDO और CO स्तर के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियाँ दी गई हैं. राकेश कुमार श्रीवास्तव को रातू (राँची) का BDO, गुलजार अंजुम को अड़की (खूँटी) का BDO-सह-CO और अभिषेक कुमार को आनन्दपुर (प० सिंहभूम) का BDO-सह-CO बनाया गया है. इसके अलावा साहेबगंज, धनबाद, पलामू, हजारीबाग, गिरिडीह, और जामताड़ा जैसे जिलों में बड़े पैमाने पर अंचल अधिकारियों (CO) की अदला-बदली की गई है.
सरकार ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि यदि किसी प्रखंड या अंचल में पहले से एक ही पदाधिकारी दोनों पदों (BDO और CO) पर कार्यरत है, तो वह अगले आदेश तक दोनों पदों के प्रभार में बना रहेगा. साथ ही, जिन अधिकारियों को इस सूची में नया प्रभार नहीं मिला है, वे सीधे कार्मिक विभाग में अपना योगदान देंगे.
तबादले की संपूर्ण सूची देखने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें:-

