अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
K. Durga Rao.
सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बुरूडीह पंचायत क्षेत्र में संचालित एक अवैध देशी शराब निर्माण केंद्र का भंडाफोड़ किया। शुक्रवार सुबह चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने लगभग 250 किलोग्राम जावा महुआ बरामद किया तथा शराब निर्माण में प्रयुक्त दो अस्थायी भट्टियों को ध्वस्त कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कांड्रा थाना क्षेत्र के नया घाट एवं नया पुलिया के समीप नदी किनारे बड़े पैमाने पर अवैध देशी शराब निर्माण किए जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कांड्रा थाना पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से शुक्रवार सुबह करीब 5:30 बजे छापेमारी अभियान चलाया।
पुलिस टीम के पहुंचते ही अवैध कारोबारियों में अफरा-तफरी मच गई और सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। हालांकि छापेमारी के दौरान किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी, लेकिन पुलिस ने शराब निर्माण में प्रयुक्त सामग्री एवं उपकरणों को नष्ट कर दिया।
अभियान के दौरान बरामद जावा महुआ को नियमानुसार विनष्ट कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब निर्माण, बिक्री एवं तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों और नदी किनारे संचालित ऐसे अवैध अड्डों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
इस कार्रवाई का नेतृत्व विनोद मुर्मू ने किया। छापेमारी दल में रामदयाल उरांव सहित कांड्रा थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब कारोबार में संलिप्त लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने इस कार्रवाई को अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण सफलता बताया है।

