अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
रांची। लोक सेवा समिति अपनी सामाजिक और सांस्कृतिक यात्रा के 35 गौरवशाली वर्ष पूरे करने जा रही है। इस ऐतिहासिक पड़ाव को यादगार बनाने के लिए आगामी 23 मई को रांची में एक भव्य समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की रूपरेखा और रणनीति तय करने के लिए रविवार को रांची के होटल ‘केन’ में समिति की एक उच्च स्तरीय बैठक संपन्न हुई, जिसकी अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहम्मद नौशाद ने की।
पूर्व सीएम शिबू सोरेन के संघर्षों पर केंद्रित होगी ‘प्रेरणा’
इस वर्षगांठ का मुख्य आकर्षण समिति द्वारा प्रकाशित की जा रही विशेष स्मारिका और कॉफी टेबल बुक ‘प्रेरणा’ होगी। यह पुस्तक झारखंड के आंदोलनकारी नेता और पूर्व मुख्यमंत्री “झारखंड रत्न” दिशोम गुरु शिबू सोरेन के जीवन पर आधारित होगी। पुस्तक में उनके जीवन के कई अनसुने प्रसंगों, कड़े संघर्षों और उनकी प्रेरक जीवनी को सहेजा गया है। इसके जरिए समाज में अद्वितीय योगदान देने वाली अन्य विभूतियों की कहानियों को भी सामने लाया जाएगा, ताकि राज्य की नई पीढ़ी इनसे प्रेरणा ले सके।
प्रतिभाओं को मिलेगा ‘झारखंड रत्न’ और ‘विशिष्ट सेवा सम्मान’
समिति इस भव्य मंच से समाज, शिक्षा, कला, साहित्य, संस्कृति और जनसेवा के क्षेत्र में मिसाल कायम करने वाली हस्तियों को सम्मानित करेगी। इन चयनित विभूतियों को राज्य के प्रतिष्ठित सम्मान “झारखंड रत्न” और “विशिष्ट सेवा सम्मान 2026” से नवाजा जाएगा। इसके साथ ही, बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर राज्य सरकार से मांग की गई कि झारखंड की प्रख्यात लोक गायिका ‘झारखंड रत्न’ सीमा देवी के नाम की अनुशंसा देश के प्रतिष्ठित “पद्मश्री” सम्मान के लिए केंद्र सरकार को भेजी जाए।
नशा और मोबाइल की लत के खिलाफ आर-पार की जंग
आज की बैठक में युवाओं के भविष्य को लेकर भी गंभीर चिंता जताई गई। समिति ने तेजी से पैर पसार रही नशाखोरी और ‘मोबाइल एडिक्शन’ (मोबाइल की लत) को आज की सबसे बड़ी सामाजिक बुराई माना। इस समस्या से युवा पीढ़ी को उबारने के लिए समिति एक व्यापक जागरूकता अभियान शुरू करने जा रही है। 23 मई को होने वाले मुख्य समारोह में शामिल होने वाले सभी लोगों को सामूहिक रूप से नशामुक्ति और गैजेट्स की लत से दूर रहने की शपथ दिलाई जाएगी।
अंचल कार्यालयों की मनमानी पर उठाए सवाल
जनहित के मुद्दों को मुखर करते हुए समिति ने राज्य सरकार से मांग की है कि ब्लॉक (अंचल) स्तर पर आम जनता के काम तय समय सीमा के भीतर किए जाएं। बैठक में रोष जताते हुए कहा गया कि छोटे-छोटे कामों के लिए भी गरीब जनता को अंचल कार्यालयों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं और अधिकारी-कर्मचारी उन्हें बेवजह परेशान कर रहे हैं। समिति ने सरकार से इस पर तुरंत कड़ा संज्ञान लेने का आग्रह किया है।
इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य रूप से प्रेम शंकर साहू, अनीता लिंडा, संगीता सिंह, कुमार सहाब, सैयद फराज अब्बास, फिरोज अहमद खान, साकिब तंजील, सीमा देवी, मुख्तार अंसारी और अबसार अहमद सिद्दीकी सहित कई गणमान्य सदस्य उपस्थित थे।

