अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
रांची: झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (बैकलॉग) प्रारंभिक परीक्षा-2025 को लेकर राजधानी रांची में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) द्वारा आयोजित इस परीक्षा को कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।
उपायुक्त मंजुनाथ भजन्त्री के निर्देश पर रांची के 64 परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा की विशेष परतें तैयार की गई हैं। सदर अनुमंडल दंडाधिकारी कुमार रजत ने सख्त आदेश जारी करते हुए इन केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा (धारा-163) लागू कर दी है। यह आदेश 17 मई को सुबह 7 बजे से रात 8 बजे तक प्रभावी रहेगा।
क्या रहेंगे प्रतिबंध?
इस दौरान परीक्षा केंद्रों के पास पांच या उससे अधिक लोगों के जुटने पर पूरी तरह पाबंदी होगी। किसी भी प्रकार के धरना-प्रदर्शन, लाठी-डंडा या हथियार ले जाने और लाउडस्पीकर के इस्तेमाल पर रोक लगा दी गई है। जिला प्रशासन ने साफ किया है कि परीक्षा में व्यवधान डालने वाले असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी जा रही है। चप्पे-चप्पे पर दंडाधिकारियों और पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि छात्र बिना किसी डर या बाधा के परीक्षा दे सकें। केवल ड्यूटी पर तैनात सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को ही इस क्षेत्र में प्रवेश की अनुमति होगी।

