अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Jamshedpur news: मानगो नगर निगम चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। सोमवार को एनडीए समर्थित मेयर प्रत्याशी संध्या सिंह के समर्थन में मानगो क्षेत्र में दो भव्य पदयात्राएं निकाली गईं, जिनका नेतृत्व जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय ने किया। पदयात्राओं में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भागीदारी देखने को मिली, जिससे क्षेत्र में चुनावी माहौल और गरमा गया।
पहली पदयात्रा टाइगुट्टू स्थित बड़ा हनुमान मंदिर के पास से शुरू हुई, जबकि दूसरी हीरा होटल के समीप से निकाली गई। दोनों यात्राएं विभिन्न मोहल्लों से गुजरते हुए लोगों तक पहुंचीं। इस दौरान सरयू राय ने न्यू पुरुलिया रोड के दुकानदारों से मुलाकात कर एनडीए प्रत्याशी के पक्ष में मतदान की अपील की। उन्होंने कहा कि मानगो के समग्र विकास के लिए व्यापार, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता देना जरूरी है।
पदयात्रा डाइगुट्टू, दीपसाही कॉलोनी, पोस्ट ऑफिस रोड और गौड़ बस्ती समेत कई इलाकों से होकर गुजरी। जगह-जगह लोगों ने उनका स्वागत किया और स्थानीय समस्याओं से अवगत कराया। सरयू राय ने भरोसा दिलाया कि यदि एनडीए की उम्मीदवार को जनता आशीर्वाद देती है तो क्षेत्र में विकास की नई दिशा तय की जाएगी।
सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने परिवारवाद और कथित परोक्ष राजनीति पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जनता मेयर का चुनाव करेगी, न कि “मेयर पति” का। उनका कहना था कि एक ही व्यक्ति का लगातार अलग-अलग पदों के लिए महत्वाकांक्षी होना स्वस्थ लोकतांत्रिक परंपरा नहीं है। उन्होंने नई पीढ़ी और सक्षम नेतृत्व को अवसर देने की बात दोहराई।
सरयू राय ने दावा किया कि क्षेत्र में एनडीए के पक्ष में जनसमर्थन लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव केवल नगर निगम का चुनाव नहीं, बल्कि विचारधारा की भी लड़ाई है। उनके अनुसार, राष्ट्रहित और विकास के मुद्दों पर जनता एकजुट हो रही है और वोट बैंक की राजनीति को नकारने का मन बना चुकी है।
उन्होंने यह भी कहा कि वार्ड पार्षद से लेकर मेयर तक ईमानदार और जवाबदेह नेतृत्व की आवश्यकता है, जो बिना भेदभाव के सभी समुदायों के लिए काम करे। जनता अब पुराने चेहरों की बजाय नए और ऊर्जावान नेतृत्व को चुनना चाहती है।
इस अवसर पर मेयर प्रत्याशी संध्या सिंह के साथ जदयू जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, आशुतोष राय, अजय कुमार, भाजपा नेता नीरज सिंह, पप्पू सिंह, जदयू युवा मोर्चा अध्यक्ष नीरज सिंह, अमृता मिश्रा, राजीव कुमार सिंह, संतोष भगत, नवीन गौड़, अशोक गौड़, राजू सिंह, राघवेन्द्र प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा और जदयू कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

