अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Mandar, (Ranchi): मांडर थाना क्षेत्र के टटकुंदो गांव में एक बार फिर चोरों ने किसानों की आजीविका पर प्रहार किया है। रविवार की देर रात अज्ञात चोरों ने सिंचाई के लिए इस्तेमाल होने वाले 22 बिजली पोल से कवरयुक्त तार काटकर चोरी कर ली। इस घटना ने न केवल पुलिसिया गश्त पर सवाल उठाए हैं, बल्कि क्षेत्र के दर्जनों किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें खींच दी हैं।
ट्रांसफार्मर के दोनों ओर से काटा तार
ग्रामीणों के अनुसार, चोरों ने सुनियोजित तरीके से ट्रांसफार्मर के दोनों ओर लगे खंभों को निशाना बनाया। चोर सारा तार समेट कर फरार हो गए। सुबह जब किसान सिंचाई के लिए खेतों में पहुंचे, तो बिजली गायब देख उनके होश उड़ गए। जाँच करने पर पता चला कि पोल से तार ही गायब हैं।
गेहूं, मटर और फ्रेंचबीन की फसल पर संकट
टटकुंदो गांव के किसान बड़े पैमाने पर नकदी फसलों की खेती के लिए जाने जाते हैं। वर्तमान में खेतों में गेहूं, मटर और फ्रेंचबीन की फसलें लहलहा रही हैं, जिन्हें इस समय पानी की सख्त जरूरत है। तार चोरी होने से पंप सेट और मोटर ठप हो गए हैं। किसानों ने बताया कि अगर जल्द बिजली बहाल नहीं हुई, तो उनकी महीनों की मेहनत और पूंजी मिट्टी में मिल जाएगी।
पुलिस जांच में जुटी, किसानों की बहाली की मांग
घटना की सूचना मिलने के बाद मांडर थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है और संदिग्धों की तलाश की जा रही है। किसानों ने प्रशासन और बिजली विभाग से तत्काल तार बदलवाने और आपूर्ति बहाल करने की मांग की है ताकि फसलों को सूखने से बचाया जा सके।
इस खबर को भी पढ़ें : मांडर में बवाल: स्कूल की चहारदीवारी तोड़ी, दो शिक्षकों के सिर फोड़े

