फॉण्ट कनवर्टर NEW

बिजनेस मैनेजमेंट में 94 पर्सेंटाइल जरूरी, XLRI ने खोले पत्ते

Jamshedpur news: देश के प्रतिष्ठित प्रबंधन संस्थान एक्सएलआरआई–जेवियर स्कूल ऑफ मैनेजमेंट ने जैट 2026 के परिणाम घोषित होने के बाद अपने प्रमुख पीजीडीएम पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आधिकारिक इंटरव्यू कटऑफ जारी कर दिया है। संस्थान ने इस वर्ष भी चयन प्रक्रिया में अकादमिक उत्कृष्टता

अपनी भाषा में पढ़ें

Jamshedpur news: देश के प्रतिष्ठित प्रबंधन संस्थान एक्सएलआरआई–जेवियर स्कूल ऑफ मैनेजमेंट ने जैट 2026 के परिणाम घोषित होने के बाद अपने प्रमुख पीजीडीएम पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आधिकारिक इंटरव्यू कटऑफ जारी कर दिया है। संस्थान ने इस वर्ष भी चयन प्रक्रिया में अकादमिक उत्कृष्टता के साथ नेतृत्व क्षमता और विविधता को महत्व देते हुए अलग-अलग श्रेणियों के लिए अलग मानक तय किए हैं।

पीजीडीएम (बिजनेस मैनेजमेंट) और इसके इंटरनेशनल स्पेशलाइजेशन प्रोग्राम के लिए इस बार कटऑफ समान रखा गया है। इंजीनियरिंग और नॉन-इंजीनियरिंग पृष्ठभूमि के पुरुष अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 94 पर्सेंटाइल अनिवार्य किया गया है, जबकि महिला अभ्यर्थियों के लिए यह सीमा 88 पर्सेंटाइल तय की गई है। थर्ड जेंडर के अभ्यर्थियों के लिए भी बिजनेस मैनेजमेंट में 88 पर्सेंटाइल का मानक रखा गया है। चयन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए संस्थान ने सभी के लिए एकीकृत जीडी और पर्सनल इंटरव्यू प्रक्रिया अपनाने का निर्णय लिया है।

मानव संसाधन प्रबंधन यानी एचआरएम प्रोग्राम में संस्थान ने उम्मीदवारों की शैक्षणिक पृष्ठभूमि को ध्यान में रखते हुए अपेक्षाकृत लचीलापन दिखाया है। इंजीनियरिंग पृष्ठभूमि के पुरुष अभ्यर्थियों के लिए 92 और नॉन-इंजीनियरिंग पुरुषों के लिए 90 पर्सेंटाइल की अनिवार्यता रखी गई है। वहीं इंजीनियरिंग पृष्ठभूमि की महिला उम्मीदवारों के लिए 87 तथा नॉन-इंजीनियरिंग महिला उम्मीदवारों के लिए 84 पर्सेंटाइल तय किया गया है। एचआरएम में थर्ड जेंडर अभ्यर्थियों के लिए 87 पर्सेंटाइल आवश्यक होगा। संस्थान के अनुसार इस प्रोग्राम में निर्णय लेने की क्षमता और भाषाई दक्षता को विशेष महत्व दिया गया है।

एक्सएलआरआई के प्रवेश समन्वयक प्रोफेसर राहुल के. शुक्ला ने बताया कि इस वर्ष करीब चार से साढ़े चार हजार अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। इंटरव्यू के दौरान उम्मीदवारों की संवाद क्षमता, नैतिक सोच, विश्लेषण कौशल और नेतृत्व गुणों का गहन मूल्यांकन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संस्थान का लक्ष्य केवल उच्च अंक पाने वाले छात्रों का चयन करना नहीं है, बल्कि ऐसे जिम्मेदार और संवेदनशील लीडर्स तैयार करना है जो समाज और संस्थाओं पर सकारात्मक प्रभाव डाल सकें।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि रटगर्स यूनिवर्सिटी के साथ संचालित डबल मास्टर प्रोग्राम के लिए कटऑफ की घोषणा बाद में अलग से की जाएगी। अभ्यर्थी अपनी पर्सेंटाइल के आधार पर शॉर्टलिस्ट की स्थिति और अन्य विस्तृत जानकारी एक्सएलआरआई की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram