अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Chaibasa News: नगर परिषद, चक्रधरपुर के अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर कांग्रेस खेमे में हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने की इच्छुक, पूर्व सांसद स्वर्गीय विजय सिंह सोय की पुत्री और कांग्रेस प्रदेश प्रतिनिधि अनुप्रिया सोय ने अपनी दावेदारी पेश कर दी है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष को सौंपा आवेदन
गुरुवार को अनुप्रिया सोय ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष के नाम प्रेषित आवेदन प्रपत्र कांग्रेस भवन, चाईबासा में कार्यालय सचिव सुशील दास को सौंपा। आवेदन सौंपने के दौरान पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अनुप्रिया सोय ने अपने आवेदन में उल्लेख किया है कि वे कांग्रेस संगठन के विभिन्न पदों पर रहकर पार्टी और जनहित के लिए लगातार कार्य करती रही हैं।
सामाजिक जुड़ाव को बताया अपनी ताकत
अनुप्रिया सोय ने कहा कि वर्तमान में वे कई सामाजिक और धार्मिक संगठनों से सक्रिय रूप से जुड़ी हुई हैं। इसी कारण नगर परिषद चक्रधरपुर क्षेत्र के स्थानीय लोगों से उनका लगातार संपर्क बना हुआ है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि चक्रधरपुर शहर के सर्वांगीण विकास के लक्ष्य के साथ वे इस चुनावी समर में उतरने जा रही हैं।
विकास और जनहित होंगे प्राथमिक मुद्दे
उन्होंने कहा कि यदि पार्टी उन्हें उम्मीदवार बनाती है, तो जल, सड़क, नाली, बिजली, सफाई, रोजगार, जरूरतमंदों के अधिकार, स्थानीय समस्याएं और महिलाओं के अधिकार उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होंगे।
अनुप्रिया सोय ने भरोसा जताया कि जनता के सहयोग से वे चक्रधरपुर को एक बेहतर और सुव्यवस्थित नगर बनाने की दिशा में काम करेंगी।
कांग्रेस नेताओं की रही मौजूदगी
आवेदन सौंपने के दौरान कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय, जिला सचिव जगदीश सुंडी, यूथ इंटक जिलाध्यक्ष सुरेश सावैयां, नगर अध्यक्ष मो. सलीम, प्रखंड अध्यक्ष दिकु सावैयां, युवा कांग्रेस के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष शिवकर बोयपाई, वरीय कांग्रेसी जुम्बल सुंडी, जितेंद्र सिंह, प्रताप पुरती, गणेश किस्कु समेत कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।
नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए अनुप्रिया सोय की दावेदारी के बाद चक्रधरपुर की स्थानीय राजनीति में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। अब सभी की नजरें कांग्रेस की आधिकारिक घोषणा पर टिकी हैं।

