अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
हजारीबाग। उरीमारी थाना क्षेत्र में संभावित आपराधिक घटना को पुलिस ने समय रहते नाकाम कर दिया। पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन को मिली गुप्त सूचना के आधार पर गठित एसआईटी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुख्यात राहुल दुबे गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में एक महिला भी शामिल है, जिससे गिरोह के नेटवर्क का और खुलासा हुआ है।
इस संबंध में बड़कागांव अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पवन कुमार ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि पकड़े गए आरोपितों में लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र अंतर्गत चमातू गांव निवासी राजदीप साव और हजारीबाग जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र की रहने वाली 20 वर्षीय मुनिका कुमारी शामिल हैं।
पुलिस ने इनके कब्जे से भारी मात्रा में अत्याधुनिक और अवैध हथियार बरामद किए हैं। बरामद सामानों में एक कार्बाइन, एक एके-47 राइफल, दो देसी पिस्टल, नौ मैगजीन, पांच जिंदा गोलियां, छह मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल शामिल है। हथियारों की यह खेप किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की मंशा को स्पष्ट करती है।
पुलिस के अनुसार, 18 जनवरी को उरीमारी ओपी क्षेत्र में राहुल दुबे और उसके सहयोगी आशीष साव के निर्देश पर कोलियरी कंपनी से रंगदारी वसूली के लिए फायरिंग की योजना बनाई गई थी। रंगदारी नहीं मिलने पर भय का माहौल बनाने के उद्देश्य से गिरोह के सदस्य इलाके में रेकी कर रहे थे। इसी दौरान एंटी क्राइम चेकिंग में राजदीप साव को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि शेष हथियार महिला आरोपित के घर में छिपाकर रखे गए थे, जहां छापेमारी कर उन्हें बरामद कर लिया गया। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ उरीमारी ओपी में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

