Ranchi : मोरहाबादी मैदान में होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह-2026 की तैयारी जोर-शोर से शुरू हो गई है। इसी सिलसिले में आज उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय, ब्लॉक-ए स्थित सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस एवं जिला प्रशासन के वरीय अधिकारियों ने भाग लिया और समारोह को भव्य, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए विस्तृत रणनीति पर विमर्श किया।
बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन, उप विकास आयुक्त सौरभ कुमार भुवनिया सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों को उनकी-उनकी जिम्मेदारियों के अनुरूप तैयारी समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि गणतंत्र दिवस समारोह राज्य की गरिमा का प्रतीक है, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उपायुक्त ने कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल-1 को आगंतुकों के लिए वाटरप्रूफ पंडाल, गैलरी, कुर्सियों की सुदृढ़ व्यवस्था करने, मैदान को समतल बनाने, बैरिकेटिंग और मंच निर्माण से जुड़ी तैयारियाँ शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया। वहीं जिला नजारत उपसमाहर्त्ता को वीवीआईपी बैठक व्यवस्था, मंच सज्जा, पुष्प सज्जा, अल्पाहार और मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम तय करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
विद्युत व्यवस्था को लेकर कार्यपालक अभियंता विद्युत प्रमंडल को साउंड-प्रूफ जेनरेटर और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पेयजल एवं स्वच्छता विभाग को पेयजल आपूर्ति, वीआईपी टॉयलेट और परेड रिहर्सल में शामिल कैडेटों के लिए अस्थायी शौचालय की व्यवस्था करने को कहा गया। समारोह के मद्देनजर सड़कों की साफ-सफाई, मरम्मत, मेडिकल कैंप, एम्बुलेंस तथा अग्निशमन की व्यवस्था पर भी विशेष चर्चा हुई। सिविल सर्जन को पर्याप्त चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक (यातायात) को पार्किंग व्यवस्था, झांकियों के ट्रेलर एवं बड़े वाहनों के आवागमन को सुव्यवस्थित करने की जिम्मेदारी दी गई। नगर निगम को पूरे मोरहाबादी परिसर और आसपास के क्षेत्रों की सफाई, कचरा निष्पादन और स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा गया।
इस बार गणतंत्र दिवस समारोह की विशेष आकर्षण झांकियाँ होंगी। उपायुक्त ने बताया कि झांकियों के माध्यम से झारखंड सरकार की महत्वपूर्ण योजनाएँ और नीतियाँ प्रभावशाली तरीके से प्रदर्शित की जाएंगी। साथ ही, राज्य की समृद्ध कला, संस्कृति, परंपराएँ और ऐतिहासिक विरासत को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जाएगा, ताकि आम जनता राज्य की पहचान और उपलब्धियों से सीधे रूबरू हो सके।
इस वर्ष कुल 12 विभागों की झांकियाँ मोरहाबादी मैदान में प्रदर्शित की जाएंगी। इनमें वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन, ग्रामीण विकास, गृह कारा एवं आपदा प्रबंधन, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता, कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता, सूचना एवं जन संपर्क, पर्यटन, कला एवं संस्कृति, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, परिवहन, खादी ग्रामोद्योग बोर्ड, महिला एवं बाल विकास तथा उच्च तकनीकी शिक्षा विभाग शामिल हैं। इन झांकियों में योजनाओं के साथ-साथ जनकल्याण के संदेश भी दिए जाएंगे। समारोह में इस बार लगभग 15 प्लाटून और 3 बैंड द्वारा परेड का भव्य प्रदर्शन प्रस्तावित है। 18 जनवरी से 23 जनवरी 2026 तक परेड रिहर्सल किया जाएगा, जबकि 24 जनवरी को अंतिम रिहर्सल आयोजित होगी। उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर तैयारी पूरी करने का निर्देश देते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि संविधान के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी का प्रतीक है।
रांची प्रशासन द्वारा की जा रही इन तैयारियों से यह स्पष्ट है कि गणतंत्र दिवस समारोह 2026 इस बार और भी भव्य, अनुशासित और आकर्षक रहेगा। जनता के लिए सुरक्षा, सुविधा और सुगम यातायात की विशेष व्यवस्था की जा रही है, ताकि सभी नागरिक सम्मानपूर्वक इस राष्ट्रीय पर्व का आनंद उठा सकें।




