अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Koderma News: कोडरमा जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र अंतर्गत बगड़ो गांव में एक महिला के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता ने थाना में लिखित आवेदन देकर एक युवक पर चाकू के बल पर दुष्कर्म करने और बच्चे को जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
पीड़िता के अनुसार, शुक्रवार की संध्या करीब पांच बजे वह अपने छोटे बच्चे के साथ घर में सो रही थी। उसी दौरान गांव का ही नंदलाल पंडित (उम्र लगभग 34 वर्ष, पिता तुलसी पंडित) घर में घुस आया। घर में महिला को अकेला पाकर आरोपी ने चाकू दिखाकर उसे डराया और जबरन दुष्कर्म किया। महिला ने बताया कि आरोपी ने बच्चे को जान से मारने की धमकी भी दी, जिससे वह पूरी तरह सहम गई।
इस खबर को भी पढ़ें : वृद्धा से दुष्कर्म के आरोपी को भेजा गया न्यायिक हिरासत में
पीड़िता ने अपने आवेदन में बताया कि घटना के समय उसका पति किसी काम से बरकट्ठा गया हुआ था, जबकि सास और ननद खेत पर थीं। वारदात के कुछ समय बाद जब सास घर लौटीं और आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया, तो वह मौके से भाग निकला। जल्दबाजी में आरोपी अपनी मोटरसाइकिल भी घटनास्थल पर ही छोड़ गया।
महिला का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी लगातार फोन कर उसे धमकी दे रहा है कि यदि उसने थाना में शिकायत की तो पूरे परिवार को जान से मार देगा। इन धमकियों के चलते पीड़िता और उसका परिवार भय के साये में जीने को मजबूर हैं।
मामले की जानकारी मिलने के बाद डोमचांच थाना पुलिस हरकत में आ गई है। थाना प्रभारी अभिमन्यु पड़ीहारि ने बताया कि पीड़िता का आवेदन प्राप्त हो गया है और मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जाएंगे।

