अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Khunti : टाटा स्टील की ओर से कोलकाता में आयोजित प्रतिष्ठित 25 किलोमीटर मैराथन में इस वर्ष देशभर से करीब 23 हजार धावकों ने भाग लिया। इस चुनौतीपूर्ण प्रतियोगिता में खूंटी जिले के मुरहू प्रखंड निवासी शंकर साबू ने शानदार प्रदर्शन कर न केवल अपनी व्यक्तिगत क्षमता का परिचय दिया, बल्कि पूरे जिले का नाम भी रोशन किया। उन्होंने 25 किलोमीटर की दौड़ सफलतापूर्वक पूरी कर खेल जगत में एक नई उपलब्धि अपने नाम की।
इस मैराथन में शंकर साबू के साथ बेंगलुरु निवासी उनके बचपन के मित्र समीर गुप्ता और समीर की पत्नी पल्लवी ने भी भाग लिया। तीनों धावकों ने मिलकर मैराथन पूरी की और फिटनेस, अनुशासन तथा आपसी सहयोग का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया। खास बात यह रही कि कोलकाता मैराथन के साथ ही शंकर साबू और समीर गुप्ता ने अपने जीवन की 50वीं मैराथन पूरी कर एक ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित किया।
उल्लेखनीय है कि शंकर साबू मुरहू निवासी स्वर्गीय संवार मल साबू के सुपुत्र हैं। खेल और स्वास्थ्य के प्रति उनकी लगन वर्षों से देखने को मिलती रही है। शंकर और समीर की मित्रता बचपन से चली आ रही है और दोनों अब तक भारत के कई प्रमुख शहरों जैसे हैदराबाद, बेंगलुरु और दिल्ली में आयोजित मैराथनों में भाग ले चुके हैं। इससे पूर्व हैदराबाद में दोनों मित्रों ने 45 किलोमीटर लंबी मैराथन भी सफलतापूर्वक पूरी की थी।
मैराथन के बाद शंकर साबू ने अपनी फिटनेस के प्रति समर्पण का एक और उदाहरण पेश किया। वे सोमवार को रांची से साइकिल चलाकर लगभग 60 किलोमीटर की दूरी तय कर अपने पैतृक गांव मुरहू पहुंचे, जिसकी स्थानीय लोगों ने सराहना की।
इस उपलब्धि पर मुरहू और खूंटी जिले के नागरिकों, खेल प्रेमियों तथा युवाओं में उत्साह का माहौल है। शंकर साबू के बड़े भाई अरुण कुमार साबू ने दोनों मित्रों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा है और इससे खेल के प्रति रुचि और बढ़ेगी।

