अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi News: समाज भले ही आधुनिक होने का दावा करे, लेकिन रांची के सिल्ली थाना क्षेत्र से जो मामला सामने आया है, वह इंसानियत को शर्मसार करने वाला है। भारती साहिस नामक एक महिला ने अपने पति लक्ष्मी नारायण प्रमाणिक और ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना के ऐसे आरोप लगाए हैं, जिन्हें सुनकर किसी का भी कलेजा कांप जाए। महज दो महीने के सुखद वैवाहिक जीवन के बाद शुरू हुआ यह विवाद अब थाने और न्याय की चौखट तक पहुँच गया है।
जाति का ताना और कमरे में कैद: हैवानियत की हदें पार
भारती की शादी 8 अक्टूबर 2024 को हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ ही वक्त बाद ससुराल वालों ने भारती को ‘अन्य जाति’ का होने का ताना देना शुरू कर दिया। पति अपने दोस्तों और घरवालों के बहकावे में आकर अपनी ही पत्नी को अपनाने से इनकार करने लगा। भारती का आरोप है कि उसकी ननद ने उसके साथ मारपीट की और उसे कमरे में बंद कर दिया गया। जब भी वह अपने अधिकारों की बात करती, उसे मानसिक रूप से इस कदर तोड़ा जाता कि वह बिखर जाए।
गोलगप्पे में दी दवा; दो बार कराया जबरन गर्भपात
इस मामले में सबसे खौफनाक मोड़ तब आया जब भारती ने गर्भपात का आरोप लगाया। भारती के अनुसार, वह दो बार गर्भवती हुई, लेकिन उसका पति किसी भी कीमत पर उस “दूसरी जाति” की महिला का बच्चा नहीं चाहता था। आरोप है कि पति ने उसे गोलगप्पे के पानी में चोरी-छिपे दवा मिलाकर पिला दी, जिससे उसका गर्भपात हो गया। पति ने साफ कह दिया कि उसके घर में इस शादी से कोई वारिस पैदा नहीं होगा।
दूसरी महिला के चक्कर में पति फरार, इंसाफ की लड़ाई जारी
पीड़िता का कहना है कि उसका पति लक्ष्मी नारायण अब किसी दूसरी महिला के प्रेम जाल में है और अपनी जाति की लड़की से दूसरी शादी करने की फिराक में घर छोड़कर भाग गया है। वह खुद को ‘कुंवारा’ बताकर नया रिश्ता ढूंढ रहा है। भारती अब न्याय के लिए दर-दर भटक रही है। उसने प्रशासन से मांग की है कि उसे उसका वैवाहिक सम्मान दिलाया जाए और दोषी पति व ससुराल वालों को जेल भेजा जाए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

