अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Jamshedpur News: पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका थाना में तैनात महिला चौकीदार ज्योतिका हेंब्रम की हत्या के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। मामले में थानेदार का नाम सामने आने के बाद एसएसपी पीयूष पांडेय ने बुधवार को तत्काल प्रभाव से पोटका थाना प्रभारी मनोज कुमार मुर्मू को हटा दिया है। उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं। उनकी जगह एसआई सन्नी टोप्पो को पोटका थाना का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है।
यह कार्रवाई ज्योतिका के प्रेमी गणेश मांझी के उस वीडियो के वायरल होने के बाद हुई, जिसमें उसने हत्या से पहले थाना प्रभारी पर गंभीर आरोप लगाए थे। वीडियो में गणेश ने दावा किया था कि 14 दिसंबर को उसे जानकारी मिली थी कि उसकी प्रेमिका ज्योतिका के पोटका थाना प्रभारी मनोज मुर्मू के साथ अवैध संबंध हैं। इसी संदेह और जलन के कारण उसने इस जघन्य वारदात को अंजाम देने की बात कही थी।
घटना में गणेश मांझी ने चाकू से ज्योतिका का गला काटकर उसकी निर्मम हत्या कर दी थी और इसके बाद स्वयं भी आत्महत्या कर ली थी। आत्महत्या से पहले बनाए गए वीडियो में उसने यह भी कहा था कि उसकी मौत के बाद उसके घर-परिवार और भाई को किसी तरह की परेशानी न हो। हालांकि, पोटका थाना प्रभारी मनोज मुर्मू ने वीडियो में लगाए गए सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उन्हें बेबुनियाद बताया था।
एसएसपी द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई के बाद अब इस मामले में निष्पक्ष जांच की उम्मीद जताई जा रही है। वहीं, दोनों मृतकों के परिजनों ने अलग-अलग मामले दर्ज कराते हुए पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

