अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Lohardaga News: झारखंड राज्य क्रिकेट एसोसिएशन (जेएससीए) द्वारा संचालित एवं लोहरदगा जिला क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित अंतर जिला अंडर-14 क्रिकेट प्रतियोगिता के उद्घाटन मुकाबले में सिमडेगा ने लोहरदगा को 5 विकेट से पराजित कर शानदार आगाज़ किया।
स्थानीय बी.एस. कॉलेज क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए 40 ओवर के मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए लोहरदगा की टीम 35.1 ओवर में 114 रन पर सिमट गई। लोहरदगा की ओर से अदधिरत भारद्वाज ने सर्वाधिक 31 रन बनाए, जबकि अन्य बल्लेबाज खास योगदान नहीं दे सके। सिमडेगा की घातक गेंदबाजी के सामने लोहरदगा की पारी लड़खड़ा गई—अंशुमान ने 18 रन देकर 4 विकेट, जबकि मन्नू कुमार ने 14 रन देकर 3 विकेट झटके। जवाबी पारी में सिमडेगा ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 25.02 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 116 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया।
टीम की जीत में लकी सिंह बिष्ट का अर्धशतक निर्णायक रहा—उन्होंने 51 रनों की उम्दा पारी खेली। आकाश कुमार ने 19 रन का योगदान दिया। लोहरदगा की ओर से उज्जैस चौधरी ने प्रभावशाली गेंदबाजी करते हुए 13 रन देकर 4 विकेट लिए।इससे पूर्व मैच का उद्घाटन लोहरदगा के उपायुक्त कुमार ताराचंद ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। अपने संबोधन में उन्होंने खिलाड़ियों को मेहनत और लगन से खेलने की प्रेरणा दी तथा कहा कि खेलकूद में भी उज्ज्वल करियर की अपार संभावनाएं हैं।
उन्होंने झारखंड की प्रतिभाओं का उल्लेख करते हुए महेंद्र सिंह धोनी जैसे खिलाड़ियों का उदाहरण दिया और युवाओं से पूरे मनोयोग से लक्ष्य साधने का आह्वान किया।पुरस्कार वितरण समारोह में जेएससीए द्वारा भेजे गए डीआरडीओ एवं पूर्व रणजी खिलाड़ी अनवर मुस्तफा ने लकी सिंह बिष्ट को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार (₹5000) प्रदान किया। इस अवसर पर जेएससीए एलओ, पलामू जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव सुधीर सिंह, भास्कर दास गुप्ता, आलोक राय, अंपायर अमित हाजरा, अजय कुमार पाठक तथा स्कोरर जुकरेन उपस्थित रहे।

