अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Bokaro News: समाहरणालय सभागार में सोमवार को आयोजित जिला समन्वय समिति की बैठक में प्रशासनिक कामकाज को लेकर काफी सख्ती देखने को मिली। उपायुक्त अजय नाथ झा ने एक-एक विभाग की समीक्षा करते हुए साफ कहा कि अब काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में स्वच्छता, नशा मुक्ति, ट्रांसजेंडर कल्याण, पर्यटन विकास, किसान पंजीकरण, महिलाओं के स्वरोजगार और ठंड से बचाव तक के मुद्दों पर ठोस निर्देश दिए गए।
हर कार्यालय में चालू शौचालय अनिवार्य, रोज निरीक्षण का निर्देश
उपायुक्त ने सबसे पहले स्वच्छता को लेकर सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि जिले के सभी सरकारी कार्यालयों में पुरुष और महिला के लिए अलग-अलग शौचालय क्रियाशील होने चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को साफ निर्देश दिया कि हर दिन कार्यालय छोड़ने से पहले शौचालय का निरीक्षण खुद करें।
बोकारो प्रेस क्लब भवन निर्माण में लाएं तेजी
उपायुक्त ने जिला जनसंपर्क पदाधिकारी को निर्देश दिया कि बोकारो प्रेस क्लब भवन निर्माण की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए।
उन्होंने कहा कि पत्रकारों के लिए यह बुनियादी सुविधा जरूरी है, इसमें देरी ठीक नहीं है।
बोकारो को मानवशास्त्र शोध केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना
उपायुक्त ने बोकारो को मानवशास्त्र शोध केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में काम करने को कहा। इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
नशा मुक्त कार्यालय प्रमाण पत्र नहीं दिया तो वेतन पर रोक
नशा मुक्ति अभियान के तहत उपायुक्त ने सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि जिन कार्यालय प्रमुखों ने अब तक नशा मुक्त कार्यालय प्रमाण पत्र जमा नहीं किया है, उनका वेतन अगले आदेश तक रोका जाएगा। कोषागार पदाधिकारी को इस पर तुरंत अमल करने का निर्देश दिया गया।
ट्रांसजेंडर भी सरकारी योजनाओं के पूरे हकदार
उपायुक्त ने ट्रांसजेंडर समुदाय को लेकर भी स्पष्ट रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि सभी ट्रांसजेंडरों का आईडी कार्ड बनाया जाए और उनकी पूरी सामाजिक-आर्थिक जानकारी जुटाई जाए ताकि उन्हें सरकार की योजनाओं से जोड़ा जा सके। जिला समाज कल्याण पदाधिकारी ने बताया कि अभी तक 10 ट्रांसजेंडरों का ही आईडी बना है। इस पर उपायुक्त ने नाराजगी जताते हुए जल्द काम पूरा करने का आदेश दिया।
Goat बैंक से बदलेगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था
उपायुक्त ने Goat बैंक योजना पर खास जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह योजना गरीबों, महिलाओं और ग्रामीण परिवारों के लिए रोजगार का बड़ा माध्यम बन सकती है। उन्होंने बीडीओ, कृषि पदाधिकारी और बैंक अधिकारियों को आपसी समन्वय से काम करने का निर्देश दिया।
बढ़ती ठंड को देखते हुए हर चौक-चौराहे पर अलाव
उपायुक्त ने ठंड को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने जिले के सभी शहरी और ग्रामीण इलाकों में अलाव की पुख्ता व्यवस्था करने का निर्देश दिया। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, चौक-चौराहे और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में खास तौर पर अलाव जलाने को कहा गया। बीडीओ को इसकी नियमित निगरानी की जिम्मेदारी दी गई।
हर स्कूल में बने छात्रवृत्ति मंत्री
उपायुक्त ने गुरुजी क्रेडिट कार्ड योजना और छात्रवृत्ति योजनाओं के प्रचार-प्रसार पर जोर दिया। उन्होंने सभी सरकारी और निजी विद्यालयों में छात्रवृत्ति मंत्री नियुक्त करने का निर्देश दिया ताकि 11वीं-12वीं के छात्रों को इसका लाभ मिल सके।
किसान पंजीकरण कम होने पर नाराजगी
जिले में किसानों का पंजीकरण कम होने पर उपायुक्त ने जिला सहकारिता पदाधिकारी को फटकार लगाई। उन्होंने पंचायत से लेकर प्रखंड स्तर तक बैठकें कर किसानों को पंजीकरण के लिए प्रेरित करने का आदेश दिया।
दीदियों के मुद्रा लोन पर भी सख्ती
महिलाओं को मुद्रा लोन कम मिलने पर उपायुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने जेएसएलपीएस और बैंक अधिकारियों को गांव-गांव जाकर महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने का निर्देश दिया।
बैठक में उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, अपर समाहर्ता, सभी एसडीओ, बीडीओ और जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

