अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi News: मांडर प्रखंड मुख्यालय में शनिवार का दिन उन परिवारों के लिए थोड़ी राहत लेकर आया, जिनकी ज़िंदगी प्राकृतिक आपदाओं से अचानक उलट-पुलट हो गई थी। कभी वज्रपात ने उन्हें चोट पहुंचाई, तो कहीं अतिवृष्टि ने घर तक तोड़ दिया। किसी परिवार ने सड़क हादसे में अपना सहारा खोया। ऐसे ही पीड़ितों को अनुग्रह अनुदान राशि देने के लिए एक सादगीभरा कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के तौर पर कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की मौजूद रहीं।
मंत्री तिर्की ने एक-एक लाभुक को मंच पर बुलाकर चेक दिए और उन्हें यह भरोसा भी दिलाया कि सरकार किसी भी मुसीबत में जनता के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि आपदा केवल घर नहीं तोड़ती, बल्कि लोगों का मनोबल भी गिराती है। ऐसे समय में सरकार की यह जिम्मेदारी है कि वह जल्द से जल्द राहत पहुंचाए, ताकि पीड़ित दोबारा अपनी जिंदगी संवार सकें।
चेक पाकर कई ग्रामीणों के चेहरे पर जो राहत दिखी, वह खुद उनकी कहानी बयां कर रही थी। किसी ने खोया हुआ घर फिर से बनाने की उम्मीद जताई, तो किसी ने कहा कि इस मदद से परिवार का गुजारा संभलेगा।
कार्यक्रम में बीडीओ, सीओ, पंचायत प्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे। प्रमुख फिलिप सहाय एक्का, उपप्रमुख अमानत अंसारी और रांची जिला ग्रामीण कांग्रेस अल्पसंख्यक अध्यक्ष शमीम अख्तर सहित अनेक स्थानीय नेता भी कार्यक्रम का हिस्सा बने।

