अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Seraikela-Kharsawan : जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर स्थित टाटा हाईवे होटल गुरुवार रात फायरिंग की सनसनीखेज घटना का केंद्र बन गया। देर रात फिल्मी अंदाज में हुई अंधाधुंध गोलियों की बौछार से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग दहशत से भर गए।
होटल मालिक रंजीत कुमार ने बताया कि दो दिन पहले होटल के पास दो समूहों के बीच मारपीट हुई थी। उसी पुराने विवाद को लेकर गुरुवार देर रात मारपीट में शामिल दूसरे गुट के युवक होटल पहुंचे और घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज की मांग करने लगे। जब होटल प्रबंधन ने फुटेज देने से मना किया, तो गुस्साए युवकों ने अचानक ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए।
खबर मिलते ही चांडिल थाना प्रभारी गुलशन बेरवा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने होटल परिसर से कई खाली कारतूस बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में पता चला है कि हमला करने वाले सभी युवक जमशेदपुर के रहने वाले हैं और उनकी पहचान कर ली गई है।
थाना प्रभारी के मुताबिक, पुलिस टीम तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग की मदद से आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और घटना की पूरी साजिश का खुलासा किया जाएगा।
फायरिंग की इस घटना के बाद एनएच-33 हाईवे पर दहशत का माहौल बना हुआ है। सुरक्षा को लेकर आम लोगों में भय का वातावरण है, वहीं पुलिस लोगों से शांत रहने और अफवाहों से बचने की अपील कर रही है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि अपराधियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाएगी।
स्थानीय व्यापारियों और होटल संचालकों ने भी इस घटना पर चिंता जताई है और पुलिस से सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। फायरिंग की यह वारदात एक बार फिर हाईवे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाती है।

