अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi : झारखंड राज्य स्थापना दिवस की 25वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में “नो योर टूरिस्ट पैलेस” कार्यक्रम के तहत एक भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। इस रैली का फ्लैग ऑफ आज बापू वाटिका, मोरहाबादी मैदान, रांची से पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग तथा शहरी विकास एवं आवास, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार ने किया।
रैली का उद्देश्य झारखंड के छिपे हुए पर्यटन स्थलों को जन-जन तक पहुँचाना और राज्य के पर्यटन क्षेत्र को नई पहचान दिलाना है। यह रैली बापू वाटिका, मोरहाबादी से प्रारंभ होकर लतरातु डैम (रिसोर्ट) तक जाएगी। 14 नवम्बर को प्रतिभागी लतरातु से रांची के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण करेंगे और खूंटी जिले में रात्रि विश्राम करेंगे। 15 नवम्बर को साइकिल यात्री खूंटी से भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातू पहुंचेंगे, जहां महान स्वतंत्रता सेनानी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए रैली का समापन होगा।
इस अवसर पर मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि “नो योर टूरिस्ट पैलेस” कार्यक्रम झारखंड के पर्यटन मानचित्र को नई दिशा देगा और राज्य की सांस्कृतिक धरोहर को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाएगा। उन्होंने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पहल युवाओं में पर्यटन के प्रति रुचि और साहसिक भावना को भी प्रोत्साहित करेगी।
कार्यक्रम के दौरान सचिव, खेल एवं युवा मामले विभाग मनोज कुमार, रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री, खेल निदेशक शेखर जमुआर, उप विकास आयुक्त सौरभ कुमार भुवनिया, अपर जिला दंडाधिकारी राजेश्वरनाथ आलोक, सदर अनुमंडल पदाधिकारी उत्कर्ष कुमार, नगर पुलिस अधीक्षक पारस राणा सहित कई प्रशासनिक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

