अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Dhanbad News: सोचो, कोई इतने साल किसी के घर काम करे, बदले में सिर्फ 5 किलो अनाज मिले… और फिर पता चले कि उसी के नाम पर लाखों का राशन घोटाला हो गया। धनबाद से आया ये मामला सुनकर लोग दंग रह गए हैं। बाबूडीह की राशन डीलर हेमलता सिन्हा पर आरोप है कि उसने अपनी ही नौकरानी कलावती देवी और उसके परिवार के आधार कार्ड का इस्तेमाल कर करीब 10 साल तक फ़र्ज़ी तरीके से राशन उठाया।
बदले में सिर्फ 5 किलो अनाज, और काम–झाड़ू-पोछा, बर्तन सब!
कलावती पिछले कई सालों से हेमलता के घर काम करती थी। बदले में उसे महीने में बस 5 किलो अनाज दिया जाता था। वो भी एहसान की तरह। लेकिन असल खेल अब सामने आया — डीलर हेमलता उसके आधार कार्ड से फर्जी राशन कार्ड बनवाकर उससे फिंगर लगवाकर पूरा राशन खुद लेती रही।
नौकरानी के साथ परिवार को भी ठगा
कलावती के भतीजे अभिषेक और उसकी भाभी अंजलि को भी इसमें शामिल कर लिया गया। उनसे भी उंगलियां लगवाकर राशन उठाया गया और बदले में कभी 5, कभी 10 किलो देकर चुप करा दिया गया। और ऊपर से डीलर ने पीडीएस दिलाने के नाम पर 18 हजार रुपये ले लिए! हर बार जब कलावती ने कार्ड मांगने की कोशिश की, डीलर का जवाब वही — “आम खाओ, गुठली मत गिनो।”
मैया सम्मान योजना ने खोला राज
जब सरकार की ‘मैया सम्मान योजना’ में कार्ड की जरूरत पड़ी, तब कलावती ने ऑनलाइन स्टेटस चेक किया और धोखे का पूरा खेल खुल गया। इसके बाद डीलर ने उसे नौकरी से भी निकाल दिया।
अब पीड़िता ने मांगी न्याय
कलावती उपायुक्त कार्यालय पहुंची और कार्रवाई की गुहार लगाई।
उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा —
“शिकायत मिलते ही जांच टीम बनाई जाएगी और सख्त कार्रवाई होगी।”
धनबाद में यह मामला अब चर्चा का बड़ा मुद्दा बन गया है।

