अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Chaibasa News: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा में सोमवार की रात हुए पुलिस लाठीचार्ज और आंसू गैस की कार्रवाई के खिलाफ मंगलवार की शाम भाजपा कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। तांबो चौक पर हुए विरोध प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और पुलिस प्रशासन का पुतला दहन किया और सरकार के खिलाफ जमकर नारे लगाए।
“हेमंत सरकार हाय-हाय” के नारों से गूंजा तांबो चौक
पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देश पर यह विरोध प्रदर्शन किया गया। मौके पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और नेता मौजूद थे। भीड़ “हेमंत सरकार हाय-हाय”, “पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद”, और “आदिवासी विरोधी सरकार शर्म करो” जैसे नारे लगा रही थी।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि सोमवार को शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांगें रख रहे आदिवासी संगठनों पर पुलिस ने बल प्रयोग किया, जिससे कई लोग घायल हुए।
भाजपा ने की न्यायिक जांच और कार्रवाई की मांग
पुतला दहन कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, पूर्व सांसद गीता कोड़ा समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। गीता कोड़ा ने कहा, “यह वही सरकार है जो खुद को आदिवासियों की हितैषी बताती है, लेकिन अब उन्हीं पर लाठियां चलवा रही है — यह लोकतंत्र की हत्या है।”
भाजपा नेताओं ने न्यायिक जांच की मांग की और कहा कि दोषी पुलिस अधिकारियों को निलंबित किया जाए।
सरकार पर दबाव, प्रशासन ने बढ़ाई सुरक्षा
भाजपा ने चेतावनी दी कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो राज्यव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा। उधर, पुलिस प्रशासन ने कहा कि प्रदर्शनकारियों के बीच कुछ उपद्रवी तत्वों ने पथराव की कोशिश की थी, जिसके बाद “न्यूनतम बल प्रयोग” किया गया।
घटना के बाद चाईबासा और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

