अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ghatsila News: घाटशिला विधानसभा उपचुनाव के दौरान शुक्रवार को भाजपा उम्मीदवार बाबूलाल सोरेन के नामांकन की सभा एक अनोखे दृश्य की गवाह बनी। जैसे ही सभा शुरु हुई, मंच पर अचानक एक लंगूर पहुंच गया जिसने वहां मौजूद नेताओं और जनता का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
यह लंगूर सीधे भाजपा नेता रमेश हांसदा के पास जाकर बैठ गया और शांत भाव से उन्हें गले लगाया। कुछ पल के लिए मंच पर सन्नाटा छा गया, लेकिन जल्द ही यह दृश्य उत्सुकता और मुस्कान में बदल गया। लंगूर कुछ मिनटों तक वहीं बैठा रहा और फिर मंच से उतरकर भीड़ में चला गया।
सभा में मौजूद लोगों ने इस घटना को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया। कई लोगों ने इसे शुभ संकेत माना तो कुछ ने कहा— यह भगवान हनुमान जी का रूप था जो आशीर्वाद देने आए थे। सभा कुछ देर के लिए भक्तिमय माहौल में बदल गई।
रमेश हांसदा बोले– यह हनुमान जी का आशीर्वाद था
घटना के बाद भाजपा नेता रमेश हांसदा ने कहा कि जब लंगूर पास आया, तो पहले लगा कि हमला कर सकता है, लेकिन उसने बहुत शांत व्यवहार किया। मुझे ऐसा महसूस हुआ जैसे भगवान हनुमान जी स्वयं आकर आशीर्वाद दे रहे हों और कह रहे हों – “कार्य करते रहो, फल मिलेगा।”
इस अनोखी घटना ने घाटशिला की चुनावी चर्चा को नया रंग दे दिया है। जनता में अब इसे ‘हनुमान का आशीर्वाद’ बताया जा रहा है, जो भाजपा के लिए शुभ संकेत माना जा रहा है।

